Follow Us:

नौनी विवि में अवैध नियुक्ति पर युवा कांग्रेस आक्रोशित, राज्यपाल से सेवा विस्तार रद्द करने की मांग, चेताया- नहीं मानी मांग तो होगा उग्र आंदोलन

  • युवा कांग्रेस ने नौनी विश्वविद्यालय में सेवा विस्तार को बताया अवैध

  • राजभवन तक मार्च निकालकर राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन

  • कहा– युवाओं के अधिकारों का हो रहा हनन, नियुक्ति रद्द न होने पर होगा आंदोलन


हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस ने डॉ. राजेश्वर चंदेल को नौनी विश्वविद्यालय में सेवा विस्तार देने को लेकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। संगठन ने इस नियुक्ति को न केवल नियमों के खिलाफ बताया, बल्कि इसे हिमाचल के युवाओं के हितों के खिलाफ साजिश करार दिया है।

इस विवादित सेवा विस्तार के विरोध में युवा कांग्रेस ने राजभवन तक मार्च निकाला और राज्यपाल से हस्तक्षेप कर नियुक्ति तत्काल रद्द करने की मांग की। संगठन ने आरोप लगाया कि सेवा विस्तार में विश्वविद्यालय के नियमों और चयन प्रक्रिया की अवहेलना की गई है, जो कि योग्यता, पारदर्शिता और युवाओं के भविष्य के साथ सीधा खिलवाड़ है।

प्रदेश के विभिन्न जिलों और उपमंडलों– पांवटा साहिब, सुंदरनगर, नदौन, हमीरपुर, कुल्लू, किन्नौर, लाहौल-स्पीति, शिमला, मंडी, नाहन और हरौली में युवा कांग्रेस पदाधिकारियों ने एसडीएम और डीसी के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन में स्पष्ट रूप से चेतावनी दी गई है कि यदि यह नियुक्ति वापस नहीं ली गई तो युवा कांग्रेस को सड़कों पर उतर कर बड़ा आंदोलन शुरू करना पड़ेगा।

युवा कांग्रेस के प्रदेश नेताओं ने कहा कि हिमाचल के युवाओं को योग्य अवसरों से वंचित करना अस्वीकार्य है। यह सेवा विस्तार केवल राजनीतिक संरक्षकों के दबाव में दिया गया प्रतीत होता है, जो विश्वविद्यालय की साख और प्रशासनिक गरिमा को ठेस पहुंचाता है।

संगठन ने राज्यपाल से त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय में पारदर्शिता और न्याय की स्थापना तभी संभव है जब इस तरह की मनमानी नियुक्तियों पर अंकुश लगे।