Follow Us:

जेआरएफ और HAS प्रारंभिक परीक्षा एक ही दिन होने से परीक्षार्थियों की दुविधा!


➤ हिमाचल अनइंप्लॉयड यूथ फेडरेशन ने उठाई परीक्षा टालने की मांग
➤ संयोजक श्रेय अवस्थी बोले- HAS परीक्षा की तारीख बदले सरकार


हिमाचल प्रदेश में 29 जून 2025 को प्रस्तावित हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा (HAS) की प्रारंभिक परीक्षा को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। वजह है कि इसी दिन देशभर में UGC-NET की JRF परीक्षा भी आयोजित हो रही है। इस टकराव के चलते हिमाचल के सैकड़ों प्रतिभाशाली अभ्यर्थी दोनों में से किसी एक परीक्षा को छोड़ने की मजबूरी में हैं।

इस विषय पर हिमाचल प्रदेश अनइंप्लॉयड यूथ फेडरेशन के राज्य संयोजक श्रेय अवस्थी ने राज्य सरकार से HAS परीक्षा की तिथि आगे बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि UGC-NET की परीक्षा राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होती है, जिसमें बदलाव संभव नहीं है, जबकि HAS परीक्षा केवल राज्यस्तरीय है और सरकार चाहें तो इसकी तिथि बदली जा सकती है।

श्रेय अवस्थी ने कहा कि युवाओं ने वर्षों की मेहनत से इन दोनों परीक्षाओं के लिए तैयारी की है और दोनों के एक ही दिन होने से वे मानसिक तनाव में हैं। उन्होंने सरकार से अपील की कि जैसे सरकार ने आयु सीमा में दो वर्ष की छूट देकर युवाओं के पक्ष में निर्णय लिया था, वैसे ही इस बार भी युवाओं के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए HAS परीक्षा को नई तिथि पर पुनर्निर्धारित किया जाए।

अब सभी की नजरें सरकार और हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर हैं कि क्या वे युवाओं की इस वाजिब मांग पर संज्ञान लेते हैं या नहीं। सोशल मीडिया पर भी इस विषय को लेकर #PostponeHASPrelims जैसे ट्रेंड्स शुरू हो गए हैं।