Follow Us:

एचपीटीडीसी के छह होटल निगम के अधीन ही रहेंगे! जानें

एचपीटीडीसी कर्मचारी संघ ने मुख्यमंत्री से की भेंट, छह होटलों को निगम के अधीन रखने का मिला आश्वासन
मुख्यमंत्री ने तत्तापानी में नए 30 कमरों वाले होटल की घोषणा की
कर्मचारियों ने एक वर्ष में होटलों को लाभ में लाने का भरोसा दिलाया


हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (एचपीटीडीसी) कर्मचारी संघ का एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार को मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू से शिमला में मिला। बैठक में प्रतिनिधिमंडल ने निगम से संबंधित कई महत्वपूर्ण मांगें और मुद्दे मुख्यमंत्री के समक्ष रखे। उन्होंने आग्रह किया कि राज्य के विभिन्न हिस्सों में स्थित कुछ चुनिंदा होटलों का संचालन एचपीटीडीसी के ही अधीन रहना चाहिए।

मुख्यमंत्री सुक्खू ने आश्वस्त किया कि छह होटलों – एप्पल ब्लॉसम फागू, लेक व्यू बिलासपुर, चांशल रोहड़ू, रोस कॉमन कसौली, सरवरी कुल्लू और ममलेश्वर चिंडी – का संचालन एचपीटीडीसी द्वारा ही किया जाएगा। मुख्यमंत्री के इस आश्वासन से कर्मचारियों में संतोष और उत्साह का माहौल है।

प्रतिनिधिमंडल ने यह भी वादा किया कि आगामी एक वर्ष के भीतर ये सभी होटल लाभ में लाए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों की इस भावना की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार एचपीटीडीसी के सशक्तिकरण और कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि मंडी जिले के तत्तापानी क्षेत्र में 30 कमरों वाला एक नया आधुनिक होटल तैयार किया जाएगा, ताकि इस पर्यटन स्थल पर आने वाले पर्यटकों को उच्च गुणवत्ता वाली सेवाएं मिल सकें।

उन्होंने भोजन, आतिथ्य और अन्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाने और पर्यटकों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए कर्मचारियों से आग्रह किया। इस अवसर पर विधायक संजय अवस्थी और संघ के अध्यक्ष हुकुम राम, महासचिव राज कुमार शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष संत कुमार फेरम सहित अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।