➤ एचपीटीडीसी ने मेक माय ट्रिप के साथ किया करार
➤ अब निगम के 56 होटल ऑनलाइन बुकिंग के लिए उपलब्ध
➤ पर्यटन निगम का मुख्यालय शिमला से धर्मशाला शिफ्ट
हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (एचपीटीडीसी) ने पर्यटन क्षेत्र में डिजिटल क्रांति की ओर कदम बढ़ाते हुए देश की अग्रणी ऑनलाइन ट्रैवल कंपनी मेक माय ट्रिप के साथ समझौता किया है। इस करार के बाद अब निगम के 56 होटल मेक माय ट्रिप पोर्टल पर दिखेंगे और पर्यटक घर बैठे ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा का लाभ उठा पाएंगे।

धर्मशाला में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान एचपीटीडीसी के अध्यक्ष आर.एस. बाली ने इस ऐतिहासिक करार की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि निगम के पास राज्यभर में उत्कृष्ट होटल मौजूद हैं, जिनमें देश-विदेश से आने वाले पर्यटक रहना पसंद करते हैं। आज के डिजिटल दौर में ऑनलाइन बुकिंग आवश्यक है और इस समझौते से निगम को बड़ा बाजार मिलेगा।

बाली ने बताया कि वर्ष 2023 में निगम घाटे में था, लेकिन अधिकारियों और कर्मचारियों की मेहनत से स्थिति सुधरी और पिछले साल निगम ने 107 करोड़ रुपये की आय अर्जित की। मेक माय ट्रिप के साथ यह करार निगम के लिए मील का पत्थर साबित होगा। इससे जहां पर्यटकों को बेहतर व पारदर्शी सेवाएँ मिलेंगी, वहीं स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

उन्होंने यह भी घोषणा की कि एचपीटीडीसी का मुख्यालय शिमला से धर्मशाला स्थानांतरित कर दिया गया है। यह निर्णय बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में कैबिनेट की मंजूरी के बाद लिया गया। इस कदम का उद्देश्य धर्मशाला को पर्यटन मानचित्र पर सशक्त बनाना और शिमला में प्रशासनिक प्रबंधन को सरल करना है।
इस अवसर पर मेक माय ट्रिप के जोनल प्रभारी आशीष पारेख, एचपीटीडीसी के प्रबंध निदेशक राजीव कुमार और महाप्रबंधक अनिल तनेजा भी उपस्थित रहे।



