Follow Us:

यात्रियों से बातचीत कर समझी एचआरटीसी सेवाओं की जमीनी हकीकत

HRTC Challenges Discussion: विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार ने करीब 20 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद आम नागरिक की तरह एचआरटीसी बस में सफर कर पुराने दिनों की यादें ताजा कीं। उन्होंने अपने पैतृक गांव बाग से प्रेम भवन खेगवा तक बस में यात्रा करते हुए न केवल यात्रियों के साथ जुड़ाव बढ़ाया, बल्कि एचआरटीसी और आम लोगों की समस्याओं को भी नजदीक से समझने का प्रयास किया।

विनय कुमार ने कहा कि एचआरटीसी बस में सफर करने से लोगों का मनोबल बढ़ता है और आपसी मेलजोल भी मजबूत होता है, जो बड़ी गाड़ियों में यात्रा करने पर संभव नहीं हो पाता। वे बस स्टॉप पर आम यात्रियों की तरह बस का इंतजार करते नजर आए और भीड़ के बीच सफर करते हुए सादगी का परिचय दिया।

सफर के दौरान उन्होंने स्कूली और कॉलेज छात्रों से भी बातचीत की और यात्रा के दौरान आने वाली दिक्कतों के बारे में जानकारी ली। वहीं, एचआरटीसी स्टाफ से बातचीत कर कलपुर्जों, मरम्मत, और संवेदनशील संसाधनों की कमी जैसी समस्याओं को भी गंभीरता से समझा।

विधानसभा उपाध्यक्ष का यह कदम न केवल आम यात्रियों से सीधे जुड़ने का प्रयास था, बल्कि सरकारी सेवाओं को सुधारने की एक जमीनी पहल भी मानी जा रही है। उनके इस व्यवहार ने क्षेत्र के लोगों के बीच सकारात्मक संदेश भी प्रसारित किया है।