Follow Us:

उपमुख्यमंत्री से वार्ता सफल, चालकों को मिलेगी पदोन्नति, 1 अगस्त से 8 घंटे ड्यूटी नहीं

HRTC चालकों-परिचालकों की उपमुख्यमंत्री से वार्ता में बनी सहमति
1 अगस्त से 8 घंटे ड्यूटी का फैसला वापिस, ओवरटाइम व वेतन पर समाधान
202 चालकों को मिलेगा वरिष्ठ चालक का पदनाम, वर्दी व चिकित्सा भत्ता भी स्वीकृत




HRTC चालकों व परिचालकों की लंबित मांगों को लेकर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के साथ हुई अहम वार्ता में लगभग सभी मुद्दों पर सहमति बन गई है। इसके बाद 1 अगस्त से लागू होने वाला 8 घंटे ड्यूटी का फैसला वापिस ले लिया गया है, जिससे यूनियन और कर्मचारियों में संतोष की लहर है।

चालक-परिचालक यूनियन के अध्यक्ष मान सिंह ठाकुर ने बताया कि यह बैठक सौहार्दपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुई और दो महीने के नाइट ओवरटाइम, प्रत्येक माह की पहली तारीख को वेतन जारी करने, तथा वरिष्ठ चालक की पदोन्नति जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर सहमति बनी है।

उपमुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि 202 चालकों को “वरिष्ठ चालक” का पदनाम मिलेगा और नई वर्दी के लिए धन, छह महीने का चिकित्सा प्रतिपूर्ति भत्ता और अन्य वित्तीय देनदारियों को भी 2 से 3 महीनों में निपटाने का आश्वासन दिया गया है। इससे यूनियन ने 8 घंटे ड्यूटी के प्रस्ताव को स्वेच्छा से वापिस ले लिया है और हड़ताल जैसी स्थिति को टाल दिया गया है।

यह समझौता HRTC कर्मचारियों और सरकार के बीच बेहतर संवाद और आपसी समझ का परिणाम है। इससे न केवल कर्मचारियों को राहत मिलेगी बल्कि सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था में स्थिरता भी बनी रहेगी।