➤ एचआरटीसी वर्कशॉप मंडी में करंट लगने से कर्मचारी की मौत
➤ बारिश से वर्कशॉप में भरा पानी बना हादसे की वजह
➤ पुलिस जांच जारी, कर्मचारियों में शोक की लहर
विपलव सकलानी, मंडी
मंडी। एचआरटीसी वर्कशॉप सौलीखड्ड मंडी में दर्दनाक हादसे में एक कर्मचारी की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान पवन गुलेरिया, उम्र 57 वर्ष, गांव अरठी, बल्ह निवासी के रूप में हुई है। घटना के बाद वर्कशॉप में काम कर रहे अन्य कर्मचारियों में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार मंडी जिले में पूरी रात से मूसलाधार बारिश हो रही थी। बारिश के कारण वर्कशॉप में पानी भर गया था। सुबह जब कर्मचारी अपने कार्य पर पहुंचे तो पवन गुलेरिया जैसे ही कार्य करने लगे, उसी दौरान करंट की चपेट में आकर बेसुध होकर गिर पड़े।
वर्कशॉप में मौजूद अन्य कर्मचारियों ने तत्काल उन्हें जोनल अस्पताल मंडी पहुंचाया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पुलिस को सुबह 10 बजकर 10 मिनट पर मिली। पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर घटना की जांच-पड़ताल में जुटी है।
मृतक के शव का पोस्टमार्टम जोनल अस्पताल मंडी में किया जा रहा है। प्रशासन की ओर से हादसे की पूरी छानबीन की जा रही है।
इस दुखद घटना ने वर्कशॉप के कर्मचारियों को गहरे सदमे में डाल दिया है। सभी ने मृतक की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।



