➤ धर्मशाला डिवीजन में नई वोल्वो बसें शामिल की गईं
➤ एचआरटीसी उपाध्यक्ष ने पूजा कर आमजन को समर्पित की बसें
➤ सफर होगा अब और सुविधाजनक और आरामदायक
शिवांशु शुक्ला, धर्मशाला
हिमाचल प्रदेश रोड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (एचआरटीसी) ने अपने बेड़े में नई वोल्वो बसों को शामिल कर एक नई सुविधा की शुरुआत की है। मंगलवार को धर्मशाला बस डिपो में आयोजित एक विशेष समारोह में एचआरटीसी के उपाध्यक्ष ने विधिवत पूजा-अर्चना कर इन बसों को आमजनमानस की सेवा के लिए समर्पित किया।

धर्मशाला डिवीजन को प्राप्त इन आधुनिक वोल्वो बसों से यात्रियों को न केवल आरामदायक सफर मिलेगा, बल्कि परिवहन सेवाओं की गुणवत्ता में भी उल्लेखनीय सुधार होगा। इस मौके पर एचआरटीसी धर्मशाला के क्षेत्रीय प्रबंधक (आरएम) पंकज चड्ढा और साहिल कपूर समेत निगम के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
एचआरटीसी उपाध्यक्ष ने कहा कि निगम लगातार प्रयास कर रहा है कि प्रदेश की जनता को बेहतर और आधुनिक परिवहन सेवाएं मिलें। उन्होंने कहा कि नई वोल्वो बसें सफर को और शानदार, सुविधाजनक और सुरक्षित बनाएंगी। इसके साथ ही उन्होंने यह भी संकेत दिया कि भविष्य में और भी नई आधुनिक बसें एचआरटीसी के बेड़े में जोड़ी जाएंगी, जिन्हें जल्द ही जनता की सेवा में लगाया जाएगा।
यह कदम हिमाचल में पर्यटन को भी बढ़ावा देगा, साथ ही प्रदेश के भीतर और बाहर यात्रा करने वाले यात्रियों को बेहतरीन अनुभव प्रदान करेगा।



