➤ एचआरटीसी पेंशनरों को समय पर नहीं मिल रही पेंशन
➤ हमीरपुर में प्रदर्शन कर राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा
➤ समाधान न होने पर भूख हड़ताल की चेतावनी
HRTC Pension Crisis: हिमाचल पथ परिवहन निगम पेंशन कल्याण संघ हमीरपुर के पेंशनरों ने सरकार की पेंशन वितरण व्यवस्था में लापरवाही को लेकर कड़ा विरोध जताया है। हमीरपुर बस अड्डा परिसर में जोरदार नारेबाजी करते हुए पेंशनरों ने सरकार पर संवेदनहीनता का आरोप लगाया। संगठन के जिला अध्यक्ष विक्रम राणा ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो भूख हड़ताल का रास्ता अपनाया जाएगा।
विक्रम राणा ने कहा कि एचआरटीसी पेंशनर्स को हर माह पेंशन मिलने में देरी हो रही है। सरकार ने पहले यह दावा किया था कि पेंशन माह के पहले सप्ताह में जारी की जाएगी, लेकिन अब 18 तारीख तक भी भुगतान नहीं हो पा रहा है। अप्रैल 2024 के बाद से सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों को अब तक पेंशन और अन्य वित्तीय लाभ नहीं मिल पाए हैं।
उन्होंने बताया कि तकनीकी कर्मचारी, चालक, परिचालक जैसे कम वेतनभोगी कर्मचारी आज भारी आर्थिक तंगी झेल रहे हैं। बीते 14 महीनों से लगभग 300 पेंशनर पेंशन न मिलने के कारण अपनी आवश्यक जरूरतें भी पूरी नहीं कर पा रहे। इस स्थिति में वरिष्ठ नागरिक होने के नाते चिकित्सा खर्च, बढ़ती महंगाई, और बैंक कर्ज न मिलने जैसी समस्याएं उन्हें घेरे हुए हैं।
राणा ने आरोप लगाया कि सरकारी विभागों और अन्य बोर्डों के पेंशनरों को 2016 के बाद संशोधित वेतनमान व पेंशन पुनर्निधारण के एरियर का भुगतान किया जा चुका है, लेकिन हिमाचल पथ परिवहन निगम के पेंशनरों को अभी तक इसका एक भी पैसा नहीं मिला।
संगठन ने हमीरपुर उपायुक्त के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन सौंपते हुए पेंशन की अनिश्चितता को दूर करने की मांग रखी है। साथ ही, यह भी स्पष्ट कर दिया गया कि यदि सरकार इस ओर तत्काल संज्ञान नहीं लेती, तो पेंशनर्स आगामी समय में भूख हड़ताल करने को विवश होंगे।



