-
सीजफायर के बाद HRTC ने 29 बस रूट बहाल किए
-
जालंधर, अमृतसर, जम्मू और कटरा के लिए बसें फिर से चलनी शुरू
-
रात्रि सेवाएं हालात सामान्य होने पर बहाल की जाएंगी
HRTC bus service resumed: भारत-पाकिस्तान के बीच हालिया तनाव और सैन्य अभियान के बाद अब स्थिति धीरे-धीरे सामान्य होती दिख रही है। हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) ने पंजाब और जम्मू-कश्मीर के कई अहम रूटों पर सोमवार से बस सेवाएं फिर से शुरू कर दी हैं। फ़िलहाल केवल दिन में चलने वाली बसों को ही बहाल किया गया है। रात्रिकालीन सेवाएं हालात पूरी तरह सामान्य होने के बाद बहाल की जाएंगी।
गौरतलब है कि सरकार ने चार दिन पहले सुरक्षा कारणों से जालंधर, अमृतसर, जम्मू और कटरा जैसे संवेदनशील रूटों पर बस सेवाएं अस्थायी रूप से बंद कर दी थीं। यह फैसला भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए लिया गया था।
सीजफायर की घोषणा और स्थिति में सुधार के बाद अब इन शहरों के लिए 29 बसें दोबारा चलना शुरू हो गई हैं। कुल 38 बसों में से इन 29 को आज से बहाल कर दिया गया है। इससे इन मार्गों पर यात्रा कर रहे यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। यात्रियों को अब बसों के लिए भटकना नहीं पड़ेगा और पहले की तरह सेवाएं उपलब्ध होंगी।
HRTC अधिकारियों ने बताया कि जैसे ही हालात पूरी तरह से सामान्य होंगे, रात में चलने वाली 9 बसों को भी बहाल कर दिया जाएगा। इससे जम्मू-कश्मीर और पंजाब से हिमाचल आने-जाने वाले यात्रियों की सुविधा और अधिक बढ़ेगी।