Follow Us:

भाजपा विधायक के चाचा के क्रशर पर छापा, अवैध खनन का भंडाफोड़

भाजपा विधायक के चाचा के क्रशर पर पुलिस की छापेमारी
पुंग खड्ड में अवैध खनन का भंडाफोड़, भारी मशीनरी जब्त
मामला BNS और माइनिंग एक्ट की धाराओं में दर्ज



हमीरपुर जिले में अवैध खनन के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) राजेश के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मंगलवार शाम करीब 7 बजे सुजानपुर क्षेत्र के पुंग खड्ड में छापा मारा। यह क्रशर भाजपा विधायक परवीन शर्मा के चाचा के स्वामित्व में है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पिछले वर्ष जुलाई से आधिकारिक तौर पर बंद यह क्रशर फिर से गैरकानूनी तरीके से चालू कर पत्थरों का खनन कर रहा है।

लगातार हो रही बारिश और क्षतिग्रस्त रास्तों के बावजूद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। वहां पोकलेन मशीन, जेसीबी, टिप्पर और अन्य भारी उपकरणों से बड़े पैमाने पर पत्थरों का अवैध खनन हो रहा था। पुलिस ने मौके से 1 पोकलेन, 4 टिप्पर, 1 मिक्सर, 2 जेसीबी मशीनें और लगभग 50 टिप्पर लोड ताज़ा निकाले गए बोल्डर जब्त किए।

छापेमारी के दौरान खनन निरीक्षक और प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी को भी बुलाया गया। जांच में सामने आया कि क्रशर मालिक ने नियमों की अनदेखी कर खड्ड में अवैध खनन किया। मामले में एफआईआर संख्या 0053/2025 दर्ज हुई है, जो भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 303(2) और खनन एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धाराओं 21 और 22 के तहत है।

एएसपी राजेश ने कहा कि खनन एवं अन्य विभाग के अधिकारियों की मिलीभगत की भी जांच की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतने बड़े पैमाने पर अवैध खनन बिना स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभाग की जानकारी के कैसे हो रहा था। मामले की आगे की जांच जारी है और उम्मीद है कि आने वाले दिनों में कई और बड़े खुलासे हो सकते हैं।