Follow Us:

अवैध खनन कर रहे थे, अचानक बढ़ा पानी और जान बचाने के पड़े लाले, पुलिस एनडीआरएफ ने किया रेस्‍कयू, अब मुकदमा

➤ सोलन के नालागढ़ में अवैध खनन करते वक्त खड्ड में तेज बहाव से 6 टिप्पर और मशीनें फंसी
➤ 10 लोगों की जान खतरे में, पुलिस व एनडीआरएफ ने रातभर चलाया रेस्क्यू और सभी को बचाया
➤ पुलिस ने 6 वाहन जब्त कर 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया, माइनिंग एक्ट समेत कई धाराओं में केस



सोलन जिले के नालागढ़ उपमंडल के महादेव खड्ड में देर रात अवैध खनन के दौरान बड़ा हादसा होते-होते टल गया। अचानक आए पानी के तेज बहाव में करीब आधा दर्जन टिप्पर और जेसीबी मशीनें फंस गईं। इस दौरान 10 लोगों की जान खतरे में पड़ गई और उन्हें अपनी जान बचाने के लिए गाड़ियों के ऊपर चढ़ना पड़ा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और एनडीआरएफ को दी।

सूचना मिलते ही एनडीआरएफ और पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। कई घंटों की मशक्कत के बाद सभी 10 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस बीच, तेज बहाव से कुछ वाहन नदी में धंस गए।

पुलिस ने मौके से तीन टिप्पर और तीन जेसीबी जब्त की हैं। साथ ही टिप्पर ड्राइवर रणवीर सिंह, सुनील कुमार और मुकेश के अलावा जेसीबी ऑपरेटर ओंकार सिंह, मीन मोहम्मद और रवि कुमार को गिरफ्तार किया गया। इनके खिलाफ धारा 303(2), 3(5) बीएनएस और 21 माइनिंग एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

बद्दी पुलिस ने साफ किया है कि अवैध खनन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। इस घटना ने यह भी उजागर कर दिया है कि किस तरह महादेव खड्ड में लंबे समय से खनिज संपदा की लूट मची हुई है और इसे निकालकर पंजाब में बेचा जा रहा था। पुलिस ने क्षेत्र में कानून व्यवस्था और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा को लेकर सख्ती बरतने का भरोसा दिया है।