Follow Us:

ऑपरेशन सिंदूर: जैश और लश्कर के अड्डों पर मिसाइलें दागी गईं, पाकिस्तान में हड़कंप

  • भारत का जवाबी हमला: पहलगाम आतंकी हमले के 15 दिन बाद भारत ने PoK और पाकिस्तान में 9 आतंकी ठिकानों पर एयर स्ट्राइक की।

  • ‘ऑपरेशन सिंदूर’: जैश, लश्कर और हिज्बुल के ठिकानों पर मंगलवार रात 1:30 बजे उच्च-सटीक हथियारों से हमला किया गया।

  • पाकिस्तान में हड़कंप: पाक मीडिया और सरकार के विरोधाभासी बयान, अमेरिका ने दोनों देशों से शांति की अपील की।


22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के 15 दिन बाद भारत ने मंगलवार रात पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में मौजूद 9 आतंकी ठिकानों पर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत जवाबी हमला किया। एयर स्ट्राइक बहावलपुर, मुरीदके, बाघ, कोटली और मुजफ्फराबाद जैसे क्षेत्रों में रात 1:30 बजे की गई।

सूत्रों के अनुसार, जैश-ए-मोहम्मद, लश्कर-ए-तैयबा और हिज्बुल मुजाहिदीन के ठिकानों को टारगेट किया गया। भारतीय सेना और वायुसेना के संयुक्त अभियान में 24 सटीक गाइडेड मिसाइलों का प्रयोग हुआ। ऑपरेशन की निगरानी खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रातभर की।

इंडियन आर्मी ने स्पष्ट किया कि कोई भी पाकिस्तानी सैन्य ठिकाना निशाने पर नहीं था, केवल आतंकियों के अड्डों को नष्ट किया गया। पाकिस्तान की ओर से अलग-अलग और भ्रमित करने वाले बयान सामने आए। रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने दावा किया कि भारत ने रिहायशी इलाकों पर हमला किया है, जबकि पाक मीडिया ने 6 भारतीय फाइटर जेट्स को मार गिराने का भी दावा कर दिया—जिसे भारत ने सिरे से खारिज कर दिया।

ISPR ने सुबह 5 बजे बयान जारी कर 8 नागरिकों की मौत और 35 के घायल होने की बात कही, जबकि पहले केवल 3 लोगों के मारे जाने की बात कही जा रही थी।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने स्थिति पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे “शर्मनाक” बताया और कहा कि दोनों देशों को शांति के रास्ते पर लौटना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि यह संघर्ष दशकों से चला आ रहा है और इसका जल्द अंत होना चाहिए।

गौरतलब है कि पहलगाम आतंकी हमले में 26 पर्यटक मारे गए थे, जिनमें एक नेपाली नागरिक भी शामिल था। हमलावरों ने यात्रियों की धार्मिक पहचान पूछकर गोली मारी थी। पहले इस हमले की जिम्मेदारी TRF ने ली थी लेकिन बाद में उसने इससे पल्ला झाड़ लिया।