Follow Us:

हिमाचल में कोरोना की वापसी, सिरमौर में बुजुर्ग महिला पॉजिटिव

  • सिरमौर जिले की 82 वर्षीय महिला रैपिड टेस्ट में कोरोना पॉजिटिव पाई गई

  • नाहन मेडिकल कॉलेज में पहुंची महिला ने अस्पताल में भर्ती होने से किया इंकार

  • जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए सैंपल मंडी भेजा गया, संपर्क में आए लोगों की जांच के निर्देश


हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर कोरोना ने दस्तक दे दी है। राज्य के सिरमौर जिले के नाहन मेडिकल कॉलेज में एक 82 वर्षीय महिला मरीज रैपिड टेस्ट में कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। महिला सरांह क्षेत्र की रहने वाली है और आज सुबह ही इलाज के लिए नाहन पहुंची थी।

डॉक्टरों ने जब महिला का रैपिड टेस्ट किया तो उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव निकली। महिला को अस्पताल में भर्ती होने की सलाह दी गई, लेकिन उसने एडमिट होने से इंकार कर दिया। डॉक्टरों ने उसे आवश्यक उपचार और दवाइयां देने के बाद घर भेज दिया है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) सिरमौर डॉ. अमिताब जैन ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि महिला फिलहाल रैपिड टेस्ट में पॉजिटिव पाई गई है, लेकिन इसके आगे की पुष्टि के लिए उसका सैंपल जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए मंडी के नेरचौक मेडिकल कॉलेज भेजा जाएगा, जिससे यह पता लगाया जा सके कि यह कौन सा वेरिएंट है।

सीएमओ डॉ. जैन ने बताया कि ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर (BMO) को महिला के संपर्क में आए सभी लोगों की जांच के निर्देश दे दिए गए हैं। साथ ही, नाहन मेडिकल कॉलेज में ऑक्सीजन प्लांट पूरी तरह से फंक्शनल है, आईसीयू की व्यवस्था भी की गई है, और आरटीपीसीआर टेस्टिंग किट के लिए विभाग को लिखा गया है।

सरकार ने एक सप्ताह पहले ही सभी मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों को एडवाइजरी जारी की थी, जिसमें सभी आवश्यक इंतज़ाम करने को कहा गया था। जीनोम सीक्वेंसिंग की व्यवस्था मंडी के नेरचौक मेडिकल कॉलेज में की गई है।

इस बीच, देश में कोरोना पॉजिटिव मामलों की संख्या 4000 के पार पहुंच गई है, जबकि हिमाचल प्रदेश में यह वर्ष 2025 का पहला मामला सामने आया है। स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है और लोगों से भी सावधानी बरतने की अपील की गई है।