Follow Us:

हिमाचल में योग दिवस की धूम: राज्यपाल से लेकर आम जनता तक ने किया योग

➤ 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर हिमाचल प्रदेश के हर कोने में योग की गूंज

➤ राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने राजभवन में योग कर हिमाचल में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति पर जताई चिंता

➤ नेताओं, अफसरों, छात्रों और नागरिकों ने मिलकर  प्रदेश भर में किया सामूहिक योगाभ्यास


InternationalYogaDay: 21 जून 2025 को पूरे हिमाचल प्रदेश में 11वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस अत्यंत उत्साह और सामाजिक सहभागिता के साथ मनाया गया। 135 से अधिक स्थानों पर हुए आयोजनों में नेताओं, अधिकारियों, समाजसेवियों, विद्यार्थियों और नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सभी आयोजनों का मुख्य उद्देश्य था – योग को जन-जन तक पहुंचाना और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना।

शिमला स्थित राजभवन में राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने अधिकारियों, निजी स्टाफ और विश्वविद्यालय के छात्रों के साथ योग करते हुए सभी को स्वस्थ रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश एक देवभूमि है, लेकिन कुछ लोग नशे की गिरफ्त में आ रहे हैं। उन्होंने कहा, “योग से ही इस पवित्र भूमि की शुद्धता संभव है। योग न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक और आत्मिक संतुलन का माध्यम है।” राज्यपाल ने कहा कि महर्षि पतंजलि ने भगवान शिव के सान्निध्य में योग को विस्तार दिया और आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से यह दुनिया भर में सम्मान पा रहा है।

 

हमीरपुर में पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने योग करते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक नहीं, बल्कि मानसिक शांति और आत्मिक उन्नति का मार्ग है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल की सराहना करते हुए कहा कि योग को वैश्विक मंच पर पहचान दिलाने का श्रेय उन्हें ही जाता है।

 

सिरमौर जिले के नाहन में चम्बा ग्राउंड में आयोजित जिला स्तरीय योग कार्यक्रम में 135 स्थानों पर आयुष विभाग द्वारा कार्यक्रम किए गए। सांसद सुरेश कश्यप और विधायक अजय सोलंकी ने कार्यक्रम में भाग लेकर योग के वैश्विक महत्व को रेखांकित किया।

ऊना में उपायुक्त जतिन लाल ने जवाहर नवोदय विद्यालय में योग कर नशा मुक्त हिमाचल की बात की और कहा कि योग से न केवल शरीर बल्कि समाज भी शुद्ध हो सकता है।

सोलन के आईटीआई मैदान में राज्यस्तरीय योग कार्यक्रम का आयोजन हुआ जहां स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और योग साथ-साथ चलें तो समाज सशक्त बनेगा। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने सनातन धर्म मंदिर सोलन में योग कर लोगों को योग अपनाने की अपील की।

धर्मशाला में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में आयुष मंत्री यादविंद्र गोमा ने कहा कि इस बार मुख्यमंत्री के निर्देश पर धर्मशाला में मुख्य आयोजन किया गया है, जिसमें हजारों छात्र, अधिकारी, कर्मचारी और नागरिकों ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग और भागदौड़ भरी जिंदगी में योग आवश्यक है और सरकार ने प्रदेश भर में 70 स्थानों पर योग स्थलों की पहचान की है। स्कूलों और वेलनेस सेंटर्स में भी प्रशिक्षकों की सेवाएं ली जा रही हैं।

नूरपुर के अटल इंडोर स्टेडियम में बारिश के बावजूद भारी संख्या में लोग पहुंचे। सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज और विधायक रणवीर सिंह निक्का के साथ कई गणमान्य लोग योग करने पहुंचे। डॉ. भारद्वाज ने इसे भारत की संस्कृतिक जीत बताया और प्रधानमंत्री को योग को वैश्विक मंच देने के लिए धन्यवाद दिया।

गगरेट और दौलतपुर मंडलों में हुए आयोजन में पूर्व विधायक चैतन्य शर्मा ने कहा कि योग जीवन जीने की समग्र प्रणाली है।

प्रागपुर और जसवा में हुए कार्यक्रमों में विद्यार्थियों और बुजुर्गों ने एक साथ योग किया। शिवालिक इंटरनेशनल स्कूल, सरस्वती विद्या मंदिर जैसे शैक्षणिक संस्थानों ने विशेष भागीदारी निभाई। पुलिस उपमंडल डाडासीबा के अधिकारी ने युवाओं को नशे से दूर रहकर योग से जुड़ने का आह्वान किया।

डाक मंडल देहरा ने भी योग दिवस पर एक भव्य आयोजन किया। अधीक्षक बलबीर चंद ने कहा कि यह तनाव से मुक्ति और मानसिक संतुलन का माध्यम है।

ऊना की ग्रीन एवेन्यू कॉलोनी और भाजपा जिला कार्यालय में भी योग कार्यक्रम आयोजित हुए जहां विधायक सतपाल सत्ती और भाजपा कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि “योग फॉर वन अर्थ, वन लाइफ” थीम के तहत इस बार आयोजन हुआ जो हरित योग और योग संगम की भावना को दर्शाता है।

इस अवसर पर ताड़ासन, भुजंगासन, वज्रासन, प्राणायाम जैसी योग क्रियाएं करवाई गईं और सभी ने यह संकल्प लिया कि योग को जीवन का हिस्सा बनाएंगे।


अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2025 पर भारतीय उच्च अध्ययन संस्थान, शिमला में हुआ भव्य आयोजन

“एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग” थीम के साथ सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन

शिमला, 21 जून। भारतीय उच्च अध्ययन संस्थान, शिमला में राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी), और जिला आयुष विभाग (हिमाचल प्रदेश) के संयुक्त तत्वाधान में आज प्रातः 6:30 बजे से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2025 का आयोजन ऐतिहासिक मुख्य भवन प्रांगण में भव्यता एवं गरिमा के साथ संपन्न हुआ। योग की भारतीय परंपरा का यह उत्सव स्वास्थ्य जागरूकता, अनुशासन और सामूहिक सहभागिता का सशक्त उदाहरण बना। इस वर्ष की थीम “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग” रही, जो मानव स्वास्थ्य और पर्यावरण की पारस्परिकता को रेखांकित करती है।

कार्यक्रम का प्रारंभ संस्थान के सचिव मेहर चंद नेगी के स्वागत भाषण से हुआ, जिन्होंने योग की सार्वभौमिकता और इसकी जीवन उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए उपस्थित अधिकारियों, प्रतिभागियों तथा अतिथियों का अभिनंदन किया। इसके पश्चात् जिला आयुष अधिकारी डॉ. अश्विन शर्मा ने मुख्य वक्तव्य दिया, जिसमें उन्होंने योग को भारतीय ज्ञान परंपरा का अमूल्य योगदान बताते हुए इसे आंतरिक और बाह्य स्वास्थ्य का समन्वित माध्यम बताया।

प्रातः 7:00 बजे से कॉमन योग प्रोटोकॉल सत्र का संचालन किया गया, जिसका नेतृत्व डॉ. निशा और डॉ. स्वाति शर्मा ने किया। उनके साथ मंच पर डॉ. पारुल शर्मा एवं सुश्री ऋतु रावत ने सह-प्रशिक्षिकाओं के रूप में प्रतिभाग किया और आसनों, प्राणायाम तथा ध्यान के विभिन्न अभ्यासों का प्रदर्शन कर सभी प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया। प्रांगण में उपस्थित संस्थान के अध्येताओं, अधिकारियों, एनसीसी कैडेटों, कर्मचारियों एवं योग प्रेमियों ने अनुशासित रूप से योगाभ्यास किया और कार्यक्रम की मुख्य भावना में सहभागी बने।

कार्यक्रम के अंत में लेफ्टिनेंट कर्नल प्रवीण ठाकुर, अधिकारी कमांडिंग, एनसीसी शिमला द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया, जिसमें उन्होंने संस्थान, आयुष विभाग, एनसीसी, इकाई तथा सभी सहभागी प्रशिक्षकों एवं कैडेटों का आभार व्यक्त किया।

पूरे कार्यक्रम का मंच संचालन संस्थान के जनसंपर्क अधिकारी श्री अखिलेश पाठक, सेल एवं जनसंपर्क अधिकारी द्वारा किया गया, जिनके प्रेरक एवं व्यवस्थित संचालन ने कार्यक्रम को एक ऊर्जावान प्रवाह और सार्थक अनुशासन प्रदान किया।

संस्थान द्वारा आयोजित यह आयोजन न केवल एक स्वास्थ्यपरक पहल रही, बल्कि यह योग के सार्वभौमिक संदेश को जनसामान्य तक पहुँचाने की दिशा में एक प्रभावी प्रयास भी सिद्ध हुआ।


 जनजातीय जिला लाहौल घाटी में जिला स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम उत्साहपूर्वक संपन्न

पुराना परिधि गृह बना योग साधना का केंद्र


पूरे विश्व के साथ लाहौल-स्पीति में 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय योग कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पुराने परिधि गृह के प्रांगण में आयोजित हुआ, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों, स्थानीय नागरिकों, स्कूली बच्चों और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला परिषद अध्यक्षा बीना देवी ने की। उन्होंने कार्यक्रम का शुभारंभ आयुर्वेद के जनक भगवान धन्वंतरि के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि इस वर्ष योग दिवस की थीम”एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग” है। उन्होंने बताया कि योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मन को भी शांत और एकाग्र करता है। लाहौल-स्पीति जैसे कठिन भौगोलिक क्षेत्र में योग को अपनाना लोगों के जीवन की गुणवत्ता को बेहतर बनाने का सशक्त माध्यम बन सकता है।

सुबह 6:40 बजे आरंभ हुए इस योग सत्र में आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी व आयुर्वेदिक फार्मेसी अधिकारियों द्वारा योगआसन एवं प्राणायाम की क्रियांए योगा प्रोटोकाल के अतंर्गत करवाई एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास करवाया गया। प्रतिभागियों ने एकरूपता से योगाभ्यास करते हुए ‘योग से जीवन’ के महत्व को आत्मसात किया।

इस अवसर पर प्रतिभागियों को योग के दैनिक जीवन में समावेश पर जानकारी देने हेतु पुस्तिकाएं और बैनर भी वितरित किए गए। आयुष विभाग से डॉक्टर आशीष तथा जिला आयुष अधिकारी बनीता शर्मा ने कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह को योगासन की विभिन्न क्रियाएं करवाई।

जिला आयुष अधिकारी बनीता शर्मा ने बताया कि जिला स्तरीय कार्यक्रम सहित उपमण्ड़ल उदयपुर और काजा में भी उपमण्ड़ल स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम का आयोजन सहित दालंग ग्राउंड़ और डाईट संस्थान व स्पीति आई.टी.आई, की मौनेस्ट्री, ग्यू आई.टी.बी.पी सहित जिला के प्रत्येक आयुष संस्थान में भी योग दिवस का आयोजन किया गया । उन्होंने बताया कि विभाग प्रतिदिन शाम को ऑनलाइन योग शासन का आयोजन करता है जिससे सभी योग करने के इच्छुक जुड़कर लाभ उठा सके हैं।तहसीलदार निर्वाचन पवन कुमार, तहसीलदार केलांग रमेश राणा, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी आयुष डॉ. सुरेश सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारी, स्थानीय निवासी, स्कूली छात्र-छात्राएं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, युवा मंडल व महिला मंडल की सदस्याएं तथा आयुष एवं स्वास्थ्य विभाग के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

एनडीआरएफ की 14वीं वाहिनी ने योग दिवस पर किया प्रेरणादायक आयोजन
कमांडेंट बलजिंदर सिंह की अगुवाई में अधिकारियों व रेस्कयूअर्स ने लिया भाग
योग को जीवनशैली बनाने और मानसिक संतुलन के लिए लिया संकल्प



अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2025 के अवसर पर दिनांक 21 जून को राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एन0डी0आर0एफ0) की 14वीं वाहिनी द्वारा एक भव्य और प्रेरणास्पद योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस आयोजन का नेतृत्व कमांडेंट बलजिंदर सिंह ने किया, जिनकी अगुवाई में वाहिनी के सभी अधिकारी और रेस्कयूअर्स ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह के शांत और सौम्य वातावरण में की गई, जहां रेस्कयूअर्स ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान तकनीकों का अभ्यास किया। अनुभवी योग प्रशिक्षकों ने उपस्थित कर्मियों को योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि योग न केवल शरीर को सशक्त बनाता है, बल्कि यह मानसिक एकाग्रता और भावनात्मक संतुलन को भी सुदृढ़ करता है।

इस अवसर पर कमांडेंट बलजिंदर सिंह ने संबोधित करते हुए कहा, “योग केवल व्यायाम नहीं है, यह एक जीवनशैली है, जो तनाव, थकावट और मानसिक दबाव से राहत दिलाने में बेहद सहायक है। आज की तेज़ रफ्तार जीवनशैली में योग को अपनाना और उसे दिनचर्या का हिस्सा बनाना बेहद आवश्यक है।”

कार्यक्रम के अंत में सभी रेस्कयूअर्स ने संकल्प लिया कि वे नियमित रूप से योग करेंगे और अपने जीवन को स्वस्थ, संतुलित और अनुशासित बनाएंगे। इस आयोजन ने न केवल सेहत और सजगता का संदेश दिया, बल्कि यह भी दिखाया कि एनडीआरएफ जैसी बलें, जो आपदा के समय सेवा और सुरक्षा में लगी रहती हैं, वे अपने कर्मियों के मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य को लेकर भी गंभीर हैं।


11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस सांसद अनुराग सिंह ठाकुर बोले पीएम के प्रयासों से योग को मिली नई पहचान

 

अर्तराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सुबह सात बजे जिला के कैहरवीं में निजी स्कूल में योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें पूर्व केन्द्रीय मंत्री एवं सांसद हमीरपुर अनुराग ठाकुर ने शिरकत की। इस अवसरपर अनुराग ठाकुर ने स्कूल परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण बचाने का संदेश भी दिया। योग कार्यक्रम के दौरान पूर्व विधायक कमलेश कुमारी, अनिल धीमान के अलावा जिला भाजपा अध्यक्ष राकेश ठाकुर के अलावा स्कूली बच्चे व अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। अनुराग ठाकुर ने भी अर्तराष्ट्रीय योग दिवस पर योग की कई क्रियाओं को किया और योग कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

 

सांसद अनुराग ठाकुर ने अर्तराष्ट्रीय दिवस की बधाई दी और कहा कि पीएम मोदी के द्वारा पूरी दुनिया को योग करने के लिएप्रेरित किया है और दुनिया भर केद लोगों को स्वस्थ रखने के लिए योग के लिए एकजुट होकर आगे आए। उन्हांेने कहा कि दुनिया भर के देशों ने एक सहमति से 21 जून को अर्तराष्ट्रीय योग दिवस घोषित किया है जोकि बडी उपलब्धि है।सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि आज के समय में सभी लोग बहुत व्यस्त है इसलिए अपने शरीर के लिए ध्यान नही देते है। लेकिन सबसे बडी प्राथमिकतानन जब तक स्वस्थ नही होंगे तो बाकी कोई भीकाम नही किया जा सकता है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि आधा घंटा फिटनेस के लिए निकालना बहुत जरूरी है ताकि शरीर स्वस्थ रहे।

वहीं विश्व योग दिवस के अवसर पर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल ने आज प्रातःकाल योगाभ्यास किया। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक शांति, संतुलन और आत्मिक उन्नति का मार्ग है।प्रो. धूमल ने सभी से आह्वान किया कि वे योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं, क्योंकि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन वास करता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज पूरा विश्व इसका लाभ उठा रहा है।