➤ कांगड़ा की एसपी शालिनी अग्निहोत्री दिल्ली प्रतिनियुक्ति पर, स्कूली शिक्षा विभाग में होंगी डिप्टी सेक्रेटरी
➤ हिमाचल सरकार ने दी तत्काल कार्यमुक्ति, नूरपुर के एसपी अशोक रतन को मिला अतिरिक्त प्रभार
➤ चार साल के लिए भेजी गईं केंद्र सरकार की स्टाफिंग स्कीम के तहत, शिक्षा मंत्रालय में करेंगी सेवाएं
पराक्रम चंद, शिमला
हिमाचल प्रदेश सरकार ने कांगड़ा की पुलिस अधीक्षक (एसपी) शालिनी अग्निहोत्री को दिल्ली में केंद्र सरकार के तहत प्रतिनियुक्ति पर भेज दिया है। उन्हें मानव संसाधन विकास मंत्रालय के अंतर्गत स्कूली शिक्षा और साक्षरता विभाग में डिप्टी सेक्रेटरी नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति केंद्रीय प्रतिनियुक्ति योजना (Central Staffing Scheme) के तहत की गई है और चार वर्षों की अवधि के लिए प्रभावी होगी या तब तक जब तक आगे कोई आदेश न हो।

राज्यपाल ने इस नियुक्ति को स्वीकृति देते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से वर्तमान दायित्वों से कार्यमुक्त कर दिया है। उन्हें निर्देश दिया गया है कि वह केंद्र सरकार में अपनी नई नियुक्ति का कार्यभार संभालें और इसकी सूचना राज्य सरकार को दें।
शालिनी अग्निहोत्री, 2012 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं, और अब तक कांगड़ा जिले की एसपी के रूप में सेवाएं दे रही थीं। उनकी जगह नूरपुर के पुलिस अधीक्षक अशोक रतन (आईपीएस 2017 बैच) को कांगड़ा का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वह जब तक शालिनी अग्निहोत्री औपचारिक रूप से अपना कार्यभार नहीं छोड़ देतीं, तब तक नये प्रभार का दायित्व नहीं संभालेंगे।



