➤ राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने केरु में अवरुद्ध हाईवे बहाल कराया
➤ चंबा व भरमौर में बाढ़ नुकसान का जायज़ा लेने रवाना हुए मंत्री
➤ प्रभावितों को हर संभव मदद व राहत कार्यों में तेजी के निर्देश
हिमाचल प्रदेश के राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी आपदा प्रभावित क्षेत्रों के दौरे पर हैं। बीते दिन उन्होंने सदन की कार्यवाही बीच में छोड़कर चंबा और भरमौर का रुख किया ताकि वहां हुए भारी बारिश और बाढ़ से नुकसान का जायज़ा ले सकें और राहत व पुनर्वास कार्यों को गति दी जा सके।
मंत्री जगत सिंह नेगी देर रात नूरपुर में रुके, और जब सुबह उनका काफिला पठानकोट-नूरपुर हाईवे से चंबा की ओर रवाना हुआ तो केरु नामक स्थान पर हाईवे रातभर से अवरुद्ध था। यहां सैकड़ों यात्री फंसे हुए थे। हालात देखकर मंत्री ने तत्काल स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभागों को मौके पर बुलाया और खुद सड़क पर डटे रहे। उनके निर्देश और देखरेख में प्रशासन ने तेजी से काम किया और आखिरकार अवरुद्ध हाईवे बहाल हुआ। इसके बाद ही मंत्री नेगी का काफिला चंबा की ओर बढ़ पाया।
हाईवे बहाली के बाद मंत्री नेगी ने बनीखेत विश्राम गृह में सभी विभागों और जिला प्रशासन के उच्चाधिकारियों की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आपदा की इस घड़ी में प्रभावितों को हर संभव मदद मिलनी चाहिए और राहत कार्यों में किसी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
आज राजस्व मंत्री चंबा और भरमौर का दौरा करेंगे और वहां बाढ़ से हुए नुकसान व राहत कार्यों की समीक्षा करेंगे। उधर, विक्रमादित्य सिंह की भी भरमौर में पहुंचने की उम्मीद है



