Follow Us:

संविधान नहीं, कांग्रेस पार्टी खतरे में है: जयराम

|

  • जयराम ठाकुर ने कांग्रेस पर बाबा साहेब और सरदार पटेल के अपमान का आरोप लगाया

  • संविधान नहीं, कांग्रेस पार्टी खतरे में है: जयराम ठाकुर

  • मोदी सरकार ने बाबा साहेब के सपनों को साकार किया



Baba Saheb Samman Abhiyan: बाबा साहेब सम्मान अभियान को संबोधित करते हुए हिमाचल प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने हमेशा बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर और सरदार वल्लभभाई पटेल का अपमान किया, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इन महान विभूतियों को सच्चा सम्मान दिया।

जयराम ठाकुर ने कहा कि आजादी के बाद देश के सामने दो बड़ी चुनौतियां थीं – एक थी रियासतों का एकीकरण, जिसे सरदार पटेल ने पूरा किया और दूसरी थी संविधान निर्माण, जिसकी जिम्मेदारी बाबा साहेब को सौंपी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि जवाहरलाल नेहरू बाबा साहेब को पसंद नहीं करते थे और उन्हें लगातार सत्ता से दूर रखने की कोशिश की गई। जयराम ठाकुर ने कहा कि बाबा साहेब को सही मायनों में सम्मान तब मिला जब भाजपा के समर्थन से सरकार बनी और 1990 में उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया गया। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बाबा साहेब से जुड़े पंच तीर्थों का निर्माण कर उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि दी गई।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कांग्रेस नेता संविधान बचाओ यात्रा निकाल रहे हैं, लेकिन सच यह है कि संविधान पूरी तरह सुरक्षित है और संकट कांग्रेस पार्टी पर मंडरा रहा है। उन्होंने दावा किया कि लगातार चुनावी पराजयों से कांग्रेस का अस्तित्व खतरे में है और आने वाले समय में कांग्रेस को ढूंढना मुश्किल हो जाएगा।

उन्होंने जोर देकर कहा कि बाबा साहेब ने न केवल देश को लोकतांत्रिक स्वरूप दिया बल्कि सर्वसमावेशी और समानतामूलक संविधान बनाकर वंचित वर्गों के अधिकारों की रक्षा की। जयराम ठाकुर ने बाबा साहेब के जीवन को सामाजिक न्याय और समानता के लिए संघर्ष का प्रतीक बताया और कहा कि उनके दिखाए रास्ते से ही एक आदर्श समाज का निर्माण संभव है।

जयराम ठाकुर ने कांग्रेस पर ऐतिहासिक साजिशों का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस ने बाबा साहेब को लोकसभा उपचुनाव में हराने के लिए वोट अमान्य करवाए, बॉम्बे प्रेसीडेंसी चुनाव में उन्हें हराने के लिए चालें चलीं और संविधान सभा से बाहर रखने के लिए भी प्रयास किए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को बाबा साहेब के साथ किए गए अन्याय के लिए माफी मांगनी चाहिए

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, शिमला सांसद सुरेश कश्यप, विधायक सुखराम चौधरी, रीना कश्यप, प्रदेश महासचिव बिहारी शर्मा, पार्टी सचिव डेजी ठाकुर, मुनीश चौहान और जिलाध्यक्ष धीरज गुप्ता समेत अन्य वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान जयराम ठाकुर ने पहलगाम आतंकी हमले में निर्दोष लोगों की हत्या की निंदा करते हुए कहा कि पाकिस्तान को सबक सिखाया जाएगा और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आज पूरा विश्व भारत के साथ खड़ा है।