➤ सेब सीजन से पहले सड़कों की बहाली को लेकर जयराम ठाकुर की अपील
➤ मशीन मालिकों से सहयोग मांगा, बोले– तेल खर्च हम देंगे
➤ दानदाताओं से भी सत्यापन के साथ सहयोग देने की अपील
सेब सीजन की आहट के बीच हिमाचल में अभी भी आपदा से प्रभावित सड़कों की बहाली नहीं हो पाई है। इस बीच नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मंडी जिले के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर हालात का जायजा लिया और जन सहयोग से राहत कार्यों को तेज़ करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आपदा से बचे हुए बाग-बगीचों के सेब को बाजार तक पहुंचाना अब सबसे बड़ी चुनौती बन चुका है, और इसके लिए जरूरी है कि मुख्य मार्गों के साथ-साथ लिंक रोड भी तुरंत खोले जाएं।
जयराम ठाकुर ने प्रदेश के जेसीबी और मशीन मालिकों से आह्वान किया है कि वे आपदा राहत कार्यों में सहयोग करें और अपनी मशीनें सड़कों को खोलने के लिए उपलब्ध करवाएं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मशीनों के तेल और संचालन से संबंधित सभी खर्चे वे स्वयं वहन करेंगे। उनका कहना है कि सरकारी प्रयास पर्याप्त नहीं हैं और ऐसे में जन सहयोग से ही बहाल कार्यों को युद्ध स्तर पर तेज़ किया जा सकता है।
उन्होंने उन लोगों का भी आभार व्यक्त किया है जो बिना किसी आग्रह के स्वयं आगे आए हैं और अपने संसाधनों से मदद कर रहे हैं। जयराम ठाकुर ने दोहराया कि अगर लोगों से मशीनें मिल जाती हैं, तो वे हरसंभव प्रयास कर सड़कों को जल्द से जल्द बहाल करेंगे।
इसके साथ ही उन्होंने एक और अहम मुद्दा उठाया कि कुछ लोग आपदा प्रभावितों के नाम पर लोगों की दानदारी का दुरुपयोग कर रहे हैं। इस पर चिंता जताते हुए उन्होंने दान देने से पहले सत्यापन की अपील की है। उन्होंने कहा कि अगर कोई दानी सज्जन सीधे प्रभावितों को मदद देना चाहता है, तो वे प्रशासन या उनके स्वयं के समन्वय से यह कर सकते हैं। वह खुद भी चेक देने की प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सूची उपलब्ध करवाने की बात कह चुके हैं।
उन्होंने अपील की कि दान, सहायता और संसाधन उन तक ही पहुंचें जिन्हें इसकी वास्तव में जरूरत है। साथ ही ऐसे दानी देवदूतों का धन्यवाद भी किया जो विश्वास के साथ पुनर्वास कार्यों में सहभागी बन रहे हैं।



