➤ जयराम ठाकुर बोले – इंडी अलायंस बिहार में चला रहा हिमाचल जैसी झूठी गारंटियों की चाल
➤ कहा – सरकार गारंटियों से नहीं, अच्छी नीयत से चलती है
➤ धारा 118 में ढील पर बोले – सत्ता संरक्षित माफिया सक्रिय, प्रदेश बेचने की तैयारी
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांग्रेस और इंडी अलायंस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जैसे हिमाचल में झूठी गारंटियों से जनता को गुमराह किया गया, वैसे ही अब बिहार को ठगने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में कांग्रेस ने जनादेश चोरी कर झूठी गारंटियों का पुलिंदा खोला, अब वही चाल बिहार में चल रही है।
चंडीगढ़ प्रेस क्लब में आयोजित “मीट द प्रेस” कार्यक्रम में जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों की राजनीति छल और भ्रम पर आधारित है। हिमाचल के मुख्यमंत्री तक बिहार जाकर हमारी सरकार की योजनाओं को अपनी बताने से नहीं चूके। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब “गारंटियों की ब्रांड एंबेसडर पार्टी” बन गई है, लेकिन जनता अब इन झूठों का फैक्ट चेक करना सीख चुकी है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि हमारी सरकार ने बिना किसी गारंटी के जनता के लिए काम किया। गृहिणी सुविधा योजना, हिम केयर, सहारा योजना, स्वावलंबन योजना, शगुन, कन्यादान, बेटी है अनमोल जैसी योजनाएं बिना प्रचार के शुरू की गईं। उन्होंने कहा कि सेवा के लिए मंदिरों में जाकर कसमें खाने या झूठी घोषणाएं करने की जरूरत नहीं होती, बल्कि अच्छी नीयत और जनता की निस्वार्थ सेवा जरूरी होती है।
उन्होंने सुक्खू सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह सरकार पत्रकारों पर मुकदमे दर्ज करने के मामले में सारे रिकॉर्ड तोड़ चुकी है। उन्होंने कहा, “सरकार के कार्यक्रम में जंगली मुर्गा परोसा गया जो कि अपराध है, लेकिन कार्रवाई पत्रकारों पर हुई जिन्होंने खबर छापी।” इसे उन्होंने तानाशाही का दौर करार दिया।
जयराम ठाकुर ने धारा 118 में ढील के मुद्दे पर कहा कि प्रदेश में “सत्ता संरक्षित माफिया” सक्रिय है जो हिमाचल की जमीन बेचने पर आमादा है। उन्होंने कहा कि धारा 118 की परमिशन दिलाने के नाम पर रैकेट सक्रिय है, जो लोगों से उगाही कर रहा है। इसके पीछे सत्ता का संरक्षण है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में अवैध खनन और माफिया तंत्र सक्रिय है, जो खुलेआम गोली चलाने से भी नहीं हिचकते। यह सब हिमाचल की संस्कृति के विपरीत है।
नशे के बढ़ते प्रसार पर उन्होंने कहा कि अब “चिट्टा” उन जगहों पर पहुंच गया है जहां सड़कें तक नहीं हैं। भाजपा शासन में नॉर्थ जोन के राज्यों के साथ संयुक्त कार्रवाई से नतीजे सकारात्मक थे, लेकिन अब स्थिति बिगड़ चुकी है।
अंत में जयराम ठाकुर ने चंडीगढ़ प्रेस क्लब के पदाधिकारियों और पत्रकारों का आभार जताते हुए कहा कि भाजपा जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखेगी।



