● मुख्यमंत्री पर झूठे रोजगार वादों का आरोप, नौकरियों की हकीकत पर सवाल
● ₹1500 मासिक सहायता योजना को लेकर महिलाओं के साथ धोखे का दावा
● बालिका आश्रम की घटना पर जताया शोक, सरकार से निष्पक्ष जांच की मांग
पराक्रम चंद, शिमला
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश की सत्तारूढ़ कांग्रेस सरकार पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सिर्फ हवा में नौकरियां बांट रहे हैं, जबकि युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है और वे सड़कों पर प्रदर्शन कर रहे हैं। ठाकुर ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री मंचों से 20, 30, 40 हजार नौकरियों की घोषणाएं कर रहे हैं, लेकिन इन नौकरियों की कोई हकीकत ज़मीनी स्तर पर नहीं दिख रही। उन्होंने सवाल किया कि जब सरकार के पास नौकरियों की कमी नहीं है, तो फिर प्रदेश के युवा बेरोजगार क्यों हैं और उन्हें आयोग भंग होने के कारण मौका क्यों नहीं मिला?
जयराम ठाकुर ने यह भी कहा कि ढाई वर्षों तक कर्मचारी चयन आयोग को बंद रखा गया, क्योंकि सरकार को किसी को नौकरी देनी ही नहीं थी। कांग्रेस की चुनावी गारंटी थी कि पहली कैबिनेट में एक लाख युवाओं को नौकरी दी जाएगी, लेकिन वह वादा भी अब तक अधूरा है। उन्होंने कटाक्ष किया कि सरकार और मुख्यमंत्री सिर्फ मंचों से झूठ बोलकर जनता को भरमा रहे हैं, लेकिन झूठ को कितनी भी बार बोला जाए, वह सच नहीं बनता।
नेता प्रतिपक्ष ने महिलाओं के प्रति सरकार की कथित उपेक्षा का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने चुनाव से पहले 18 से 59 वर्ष की महिलाओं को हर महीने ₹1500 देने की गारंटी दी थी, लेकिन आज तक अधिकतर महिलाओं को यह राशि नहीं मिली है। इसके बावजूद सरकार यह प्रचारित कर रही है कि वह वादा पूरा कर चुकी है। सरकार झूठा प्रचार कर करोड़ों खर्च कर रही है, जबकि धरातल पर मातृशक्ति खुद को ठगा महसूस कर रही है।
बालिका आश्रम में युवती की मौत पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि यह एक बहुत ही दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। उन्होंने कहा कि सरकार को इस मामले में निष्पक्ष जांच करानी चाहिए और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण देना



