➤ चुराह विधायक हंसराज सिंह पर संगीन आरोप, महिला समिति ने सौंपा ज्ञापन
➤ महिला आयोग से कड़ी कार्रवाई की मांग, युवती को सुरक्षा देने की अपील
➤ विधायक पर सांप्रदायिक बयानबाजी के आरोप, जनवादी महिला समिति ने की निंदा
अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति ने चुराह विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक हंसराज सिंह के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर आज महिला आयोग को ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन सोशल मीडिया पर वायरल हुए उस मामले से जुड़ा है जिसमें एक युवती ने विधायक पर संगीन आरोप लगाए हैं।
महिला समिति ने अपने ज्ञापन में कहा है कि विधायक द्वारा युवती को बदनाम करने और उसके चरित्र पर टिप्पणी करने जैसी बातें बेहद आपत्तिजनक हैं। उन्होंने कहा कि यह कहना कि “लड़की नशे में बात कर रही थी” महिला विरोधी सोच को दर्शाता है। समिति ने कहा कि यह वही युवती है जिसने पहले भी विधायक पर गंभीर आरोप लगाए थे, लेकिन उस वक्त सरकार की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई थी, जिसके चलते युवती को न्याय नहीं मिल सका।
जनवादी महिला समिति ने आरोप लगाया कि विधायक द्वारा हिन्दू-मुस्लिम शब्दों का इस्तेमाल कर सांप्रदायिकता फैलाने का प्रयास किया जा रहा है, जो लोकतंत्र की भावना के विपरीत है।
समिति ने महिला आयोग से मांग की है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच करवाई जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही, युवती और उसके परिवार को पुलिस सुरक्षा प्रदान की जाए। ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि ऐसे मामले में शामिल जनप्रतिनिधि को सार्वजनिक जीवन में बने रहने का नैतिक अधिकार नहीं है, इसलिए विधायक की विधानसभा सदस्यता रद्द की जाए।
जनवादी महिला समिति ने सरकार से यह भी आग्रह किया है कि ऐसे मामलों में महिला सुरक्षा कानूनों के तहत सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति सत्ता के प्रभाव में आकर इस तरह के कृत्य करने से पहले सौ बार सोच सके।



