Follow Us:

हिमाचल में कश्मीरियों की सुरक्षा को लेकर मुख्यमंत्री से मिले जम्मू-कश्मीर के कृषि मंत्री

  • जम्मू-कश्मीर के कृषि मंत्री जाविद अहमद डार ने हिमाचल के मुख्यमंत्री से की मुलाकात

  • मुख्यमंत्री ने पहलगाम आतंकी हमले की कड़ी निंदा की और एकजुटता जताई

  • हिमाचल में रह रहे कश्मीरियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का भरोसा


जम्मू-कश्मीर के कृषि मंत्री जाविद अहमद डार ने आज शिमला में हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर मंत्री ने मुख्यमंत्री से हिमाचल प्रदेश में कार्यरत कश्मीरी लोगों की सुरक्षा और संरक्षण सुनिश्चित करने का अनुरोध किया।

जाविद अहमद डार ने हाल ही में हुए पहलगाम आतंकी हमले की निंदा करते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं से निर्दोष नागरिक प्रभावित होते हैं, जिनकी सुरक्षा प्राथमिकता होनी चाहिए।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश शांति और भाईचारे में विश्वास रखने वाला राज्य है। उन्होंने पहलगाम में हुए भीषण हमले की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए पीड़ितों और उनके परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।

मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि हिमाचल प्रदेश सरकार कश्मीरियों सहित सभी नागरिकों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाएगी और राज्य में भाईचारा बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।