Joginder Nagar Shivratri Fair: राज्य स्तरीय लघु शिवरात्रि मेला जोगिंदर नगर (1 से 5 अप्रैल) के निमित्त तहसीलदार डॉ. मुकुल शर्मा ने चौहार घाटी के प्रसिद्ध देवताओं को औपचारिक निमंत्रण दिया। तहसीलदार अपने दल के साथ लपास पंचायत के गलू गांव पहुंचे, जहां उन्होंने बड़ा देव श्री हुरंग नारायण, देव श्री पशाकोट और देव श्री गलू गहरी के चरणों में प्रणाम कर आशीर्वाद लिया।
तीनों देवताओं ने मेला समिति के आमंत्रण को सहर्ष स्वीकार किया और मेले के सफल आयोजन के लिए अपना आशीर्वाद दिया। इस अवसर पर देव प्रबंधकों ने तहसीलदार डॉ. मुकुल शर्मा, सहायक लोक संपर्क अधिकारी राजेश जसवाल, कानूनगो राज कुमार और प्रचार सहायक देव राज को देवताओं की चादर भेंट कर सम्मानित किया।
गौरतलब है कि जोगिंदर नगर के इस ऐतिहासिक एवं प्राचीन शिवरात्रि मेले का शुभारंभ चौहार घाटी के बड़ा देव श्री हुरंग नारायण और देव श्री पशाकोट के आगमन से होता है। 1 अप्रैल को भव्य जलेब (देवी-देवताओं की शोभायात्रा) के साथ मेला विधिवत प्रारंभ होगा। इस मेले में चौहार घाटी सहित अन्य क्षेत्रों से 100 से अधिक देवी-देवता पधारते हैं और श्रद्धालुओं को अपना आशीर्वाद प्रदान करते हैं।



