Follow Us:

देश भर में जीएसटी का बचत उत्सव की धूम, हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार का जनता पर टैक्स का बोझ : नड्डा

जेपी नड्डा बोले– देश में जीएसटी बचत उत्सव, हिमाचल में टैक्स का बोझ बढ़ा रही कांग्रेस सरकार
सीमेंट पर जीएसटी छूट का लाभ जनता को नहीं, कांग्रेस सरकार ने बढ़ा दिए दाम
पानी-बिजली बिल और शुल्कों में बढ़ोतरी से जनता परेशान, सरकार पर लगाए लूट के आरोप



शिमला। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर करारा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पूरे भारत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से जीएसटी बचत उत्सव मनाया जा रहा है, जिससे आम जनता को राहत मिल रही है। रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं पर या तो जीएसटी जीरो कर दिया गया है या उसे काफी हद तक घटाया गया है। लेकिन दूसरी ओर, हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार जनता पर लगातार टैक्स का बोझ बढ़ा रही है।

जेपी नड्डा ने कहा कि प्रदेश पहले ही प्राकृतिक आपदा के कारण भारी संकट से गुजर रहा है। ऐसे में प्रधानमंत्री मोदी ने जनता को राहत देने के लिए सीमेंट पर जीएसटी को 28% से घटाकर 18% कर दिया था, जिससे प्रति बोरी लगभग 30 रुपये सस्ती हो गई। लेकिन दुखद है कि हिमाचल सरकार ने जनता को इसका लाभ देने के बजाय एंटी डंपिंग ड्यूटी लगाकर सीमेंट की कीमतें और बढ़ा दीं।

नड्डा ने आरोप लगाया कि हिमाचल में बनने वाला सीमेंट पड़ोसी राज्यों में सस्ता बिक रहा है, जबकि प्रदेश के लोगों को महंगे दामों पर खरीदना पड़ रहा है। इतना ही नहीं, सरकार ने पानी के बिल, स्टाम्प ड्यूटी, ग्रामीण जलापूर्ति और बिजली के बिल पर भी भारी टैक्स और शुल्क बढ़ाकर जनता की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।

उन्होंने कहा कि जब पूरा देश राहत महसूस कर रहा है, तब हिमाचल की जनता कांग्रेस सरकार की नीतियों से त्रस्त है। सुखविंद्र सिंह सुक्खू सरकार पर हमला बोलते हुए नड्डा ने कहा कि यह सरकार झूठी गारंटियों और जनविरोधी नीतियों से प्रदेश की आर्थिक स्थिति को बर्बाद कर रही है।

जेपी नड्डा ने चेतावनी दी कि जनता समय आने पर इस जन विरोधी सरकार को करारा सबक सिखाएगी।