Follow Us:

सोलन में ऑपरेशन सिंदूर के सम्मान में तिरंगा सम्मान यात्रा निकालेंगे नड्डा

  • जे.पी. नड्डा के हिमाचल दौरे को लेकर भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने दी प्रेस वार्ता

  • नड्डा के नेतृत्व में सोलन में होगी भाजपा कोर ग्रुप की अहम बैठक

  • ऑपरेशन सिंदूर के सम्मान में आयोजित होगी तिरंगा सम्मान यात्रा


JP Nadda Solan Visit: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा के 2 जून को प्रस्तावित हिमाचल प्रवास को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने आज सोलन के होटल शिवाना हिल्स, चंबाघाट में एक प्रेस वार्ता को संबोधित किया। उन्होंने बताया कि इस दौरे के दौरान नड्डा की अध्यक्षता में भाजपा प्रदेश कोर ग्रुप की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें संगठन के शीर्ष नेताओं की भागीदारी रहेगी।

डॉ. बिंदल ने जानकारी दी कि बैठक में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, प्रदेश प्रभारी श्रीकांत, सह प्रभारी संजय टंडन, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, राकेश जम्वाल, सतपाल सत्ती, त्रिलोक कपूर, सुरेश चंदेल, डॉ. राजीव सैज़ल, विपिन परमार, सांसद डॉ. सिकंदर कुमार और सांसद सुरेश कश्यप उपस्थित रहेंगे।

उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के अंतर्गत भारतीय सेना द्वारा दिखाए गए पराक्रम के सम्मान में तिरंगा सम्मान यात्रा आयोजित की जाएगी, जिसका नेतृत्व स्वयं श्री जे.पी. नड्डा करेंगे। इस यात्रा में अनुराग ठाकुर, सुरेश कश्यप और जयराम ठाकुर भी शामिल रहेंगे। यह यात्रा सोलन के माल रोड से प्रारंभ होकर पैरागॉन होटल के समीप समाप्त होगी, जिसकी दूरी लगभग 300 से 500 मीटर की होगी। यह यात्रा भारतीय सेना के शौर्य और राष्ट्रीय नेतृत्व की प्रतिबद्धता का प्रतीक होगी।

डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 वर्ष 9 जून को पूरे हो रहे हैं, जिसे “संकल्प से समृद्धि” नामक अभियान से जन-जन तक पहुँचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन 11 वर्षों में भारत की अर्थव्यवस्था, कृषि, महिला सशक्तिकरण, युवा कल्याण और सामाजिक सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में ऐतिहासिक परिवर्तन हुए हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि 2014 में भारत की अर्थव्यवस्था विश्व में 11वें स्थान पर थी और ‘फ्रैजाइल फाइव’ में गिनी जाती थी, लेकिन आज भारत चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और जल्दी ही तीसरे स्थान पर पहुंचेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद देते हुए कहा कि उन्होंने 140 करोड़ भारतीयों को राष्ट्र निर्माण का भागीदार बनाया, जिससे देश निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है।

इस अवसर पर प्रेस वार्ता में विवेक शर्मा (प्रदेश प्रवक्ता), संजीव देष्टा (किसान मोर्चा अध्यक्ष), तरसेम भारती (रेहड़ी-फ़हड़ी प्रकोष्ठ संयोजक), मनीष चौहान (प्रदेश सचिव), संजीव मोहन (जिला मीडिया प्रभारी), विवेक डोभाल (प्रदेश कार्यसमिति सदस्य), चंद्रकांत शर्मा (अध्यक्ष, सोलन ग्रामीण मण्डल), शैलेन्द्र गुप्ता (अध्यक्ष, सोलन शहरी मण्डल), विक्रम मट्टू और अरुष गुप्ता सहित अन्य कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।