➤बीहड़ू उपतहसील में खुलेगी कांगड़ा बैंक की नई शाखा
➤ग्रामीण बैंकिंग सेवाओं को मिलेगा बड़ा विस्तार
➤ नई भर्तियों और योजनाओं से युवाओं को रोजगार
KangraBank: कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के बीहड़ू उपतहसील वासियों के लिए बड़ी राहत की खबर आई है। अब उन्हें राजस्व जमा करने या अन्य बैंकिंग सेवाओं के लिए दूरदराज के कस्बों में नहीं जाना पड़ेगा, क्योंकि कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक जल्द ही बीहड़ू में अपनी नई शाखा खोलने जा रहा है। इस महत्वपूर्ण प्रस्ताव की रूपरेखा पूरी कर ली गई है और इसे शीघ्र ही मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के समक्ष प्रस्तुत कर उद्घाटन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
कांगड़ा बैंक के चेयरमैन कुलदीप सिंह पठानिया ने बंगाणा में एटीएम सेवा का शुभारंभ करने के उपरांत कहा कि बीहड़ू उपतहसील में स्थायी बैंक शाखा का न होना एक बड़ी समस्या रही है। इससे लोगों को बंगाणा या ऊना में बार-बार आना पड़ता था। उन्होंने कहा कि नई शाखा खुलने से न सिर्फ राजस्व कार्यों में सुविधा होगी, बल्कि किसानों, व्यापारियों और आम नागरिकों को बैंकिंग का सीधा लाभ मिलेगा।
चेयरमैन पठानिया ने पूर्व विधानसभा अध्यक्ष स्व. रामनाथ शर्मा को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनकी दूरदर्शी सोच के कारण कुटलैहड़ क्षेत्र में कांगड़ा बैंक की मजबूत उपस्थिति बन पाई। बंगाणा, थानाकला और लाठियानी में पहले से ही कांगड़ा बैंक की शाखाएं जनता की सुविधा के लिए कार्य कर रही हैं, और अब बीहड़ू में शाखा खुलने से यह कड़ी और सशक्त होगी।
उन्होंने बताया कि बैंक अपने विस्तार की दिशा में तेज़ी से काम कर रहा है। जल्द ही नई भर्तियों की प्रक्रिया शुरू होगी, जिससे प्रदेश के युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। साथ ही बैंक ग्राहकों को लाभ देने के लिए कई नई योजनाओं पर काम कर रहा है।
इस अवसर पर विधायक विवेक शर्मा के नेतृत्व में चेयरमैन का भव्य स्वागत हुआ। मंच से विधायक विवेक शर्मा ने शॉल और स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया। उन्होंने कहा कि यह निर्णय कुटलैहड़ के लिए ऐतिहासिक महत्व का है और इससे ग्रामीण जनता को सीधा लाभ मिलेगा।
बीहड़ू क्षेत्र में शाखा खुलने की घोषणा से गांवों में उत्साह का माहौल है। लोग कह रहे हैं कि अब उन्हें बैंकिंग कार्यों के लिए रोज बंगाणा या ऊना नहीं जाना पड़ेगा। इससे उनका समय और खर्च दोनों बचेगा।
यह आयोजन इस बात का संकेत है कि कांगड़ा बैंक आने वाले वर्षों में प्रदेश की ग्रामीण बैंकिंग व्यवस्था में नई क्रांति लाने जा रहा है। सरकार और बैंक प्रबंधन के तालमेल से विकास के नए रास्ते खुलने की पूरी उम्मीद जताई जा रही है।



