➤कांटा लगा फेम शेफाली जरीवाला का निधन हुआ
➤मुंबई के अस्पताल में 42 साल की उम्र में निधन
➤कार्डियक अरेस्ट से मौत की पुष्टि हुई
कांटा लगा फेम अभिनेत्री शेफाली जरीवाला का 42 वर्ष की आयु में निधन हो गया। शुक्रवार देर रात मुंबई के अंधेरी पश्चिम स्थित बेलेव्यू मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल में उन्हें बेहोशी की हालत में लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कार्डियक अरेस्ट के कारण उनका निधन हुआ।
शेफाली जरीवाला को उनके पति एक्टर पराग त्यागी और तीन अन्य लोग अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों के अनुसार अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए कूपर अस्पताल भेजा गया।
शेफाली जरीवाला ने 2000 के दशक में सुपरहिट रीमिक्स वीडियो “कांटा लगा” से अपार लोकप्रियता हासिल की थी। इसके अलावा वे फिल्म मुझसे शादी करोगी में भी नजर आईं और बिग बॉस 13 सहित कई रियलिटी शोज का हिस्सा बनीं। हाल ही में उन्होंने एक इंटरव्यू में मिर्गी के दौरे की बीमारी का ज़िक्र किया था, जिसमें उनकी सांस रुक जाने की समस्या भी सामने आई थी।
उनके असामयिक निधन से फिल्म और टीवी इंडस्ट्री में शोक की लहर फैल गई है। सोशल मीडिया पर फैंस और सेलेब्रिटी उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।



