-
कपिल शर्मा शिमला में फिल्म दादी की शादी की शूटिंग में व्यस्त
-
नीतू कपूर, सादिया खतीब और रिद्धिमा कपूर भी टीम में शामिल
-
जाखू मंदिर में दर्शन किए, कपिल शर्मा आईसक्रीम खाते दिखे
Kapil Sharma Shimla: मशहूर अभिनेता कपिल शर्मा इन दिनों शिमला की वादियों में घूमते और आईसक्रीम खाते नजर आए। वे यहां अपनी आगामी फिल्म “दादी की शादी” की शूटिंग के सिलसिले में पहुंचे हैं। इस फिल्म में नीतू कपूर, कॉमेडियन सादिया खतीब और कपिल शर्मा मुख्य भूमिकाओं में हैं। खास बात यह है कि फिल्म से ऋषि कपूर और नीतू कपूर की बेटी रिद्धिमा कपूर साहनी अभिनय में डेब्यू कर रही हैं।
शुक्रवार को फिल्म की टीम ने शिमला के प्रसिद्ध जाखू मंदिर में भगवान हनुमान के दर्शन किए। इस दौरान मंदिर में मौजूद श्रद्धालुओं ने कलाकारों के साथ तस्वीरें खिंचवाईं, जिससे माहौल और भी जीवंत हो गया। फिल्म की शूटिंग पिछले डेढ़ महीने से मशोबरा और नालदेहरा की खूबसूरत वादियों में चल रही है।
वीरवार को यूनिट ने शिमला शहर में माल रोड और जाखू मंदिर क्षेत्र में शूटिंग की। इस दौरान प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे ताकि शूटिंग में कोई व्यवधान न हो। फिल्म एक पारिवारिक हास्य कथा पर आधारित है और इसे अगले साल रिलीज किए जाने की योजना है।
इस बीच कपिल शर्मा शिमला की सड़कों पर टहलते हुए दिखे, उनके हाथ में शॉपिंग बैग थे और वे आईसक्रीम खाते हुए कैमरे में कैद हुए। यह देखकर यह स्पष्ट है कि शूटिंग के साथ-साथ वे शिमला का आनंद भी ले रहे हैं।



