➤ धर्मशाला में कारगिल विजय दिवस की पूर्व संध्या पर हुआ युवाओं का कार्यक्रम
➤ ‘एक पेड़ मां के नाम’ पर पेंटिंग और स्लोगन राइटिंग प्रतियोगिता
➤ मेरा युवा भारत स्कीम पर कार्यशाला में युवाओं को मिला स्वरोजगार व साइबर सुरक्षा का ज्ञान
कारगिल विजय दिवस की पूर्व संध्या पर धर्मशाला के डीआरडीए हॉल में भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की ओर से संचालित मेरा युवा भारत (माई भारत) की फ्लैगशिप स्कीम पर एक विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। इस कार्यक्रम में युवाओं के लिए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत पेंटिंग और स्लोगन लेखन प्रतियोगिता करवाई गई, जिसमें युवाओं ने देशभक्ति और पर्यावरण संरक्षण को लेकर अपनी रचनात्मकता का बेहतरीन प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर मदन लाल, निदेशक पीएनबी ग्रामीण रोजगार प्रशिक्षण संस्थान धर्मशाला ने शिरकत की, जबकि विशेष अतिथि के रूप में विभिन्न विभागों के अधिकारी और इविंग्ज एकेडमी धर्मशाला के डायरेक्टर व मेंटोर गुलशन वर्मा ने उपस्थिति दर्ज करवाई।
इस दौरान माई भारत जिला कांगड़ा के उप-निदेशक ध्रुव डोगरा ने सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका स्वागत किया और सरकारी योजनाओं की जानकारी साझा की। कार्यशाला में युवाओं को स्वरोजगार, ग्रामीण रोजगार, कौशल विकास, तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के विषय में अवगत करवाया गया।
साइबर सेल धर्मशाला से आजाद जसवाल ने उपस्थित युवाओं को साइबर अपराध और ऑनलाइन सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बताया कि कैसे डिजिटल युग में सतर्कता बरतना जरूरी है और किन बातों का ध्यान रखकर वे अपनी साइबर सुरक्षा को सुनिश्चित कर सकते हैं।
प्रतियोगिता में विजेता प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम में सैकड़ों युवक-युवतियों, विभागों के प्रमुख अधिकारीगण और स्थानीय गणमान्य नागरिक भी शामिल रहे। यह आयोजन न केवल युवाओं के सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण रहा, बल्कि राष्ट्रप्रेम, पर्यावरण चेतना और डिजिटल सुरक्षा के संदेश को भी मजबूती से सामने लाया।



