Follow Us:

कठासू में शिक्षा मंत्री ने किया 2.95 करोड़ की जल योजना का लोकार्पण

➤ कठासू में खोड़नी नाला योजना और पटवारखाना भवन का हुआ लोकार्पण
➤ कोहली-धापली सड़क, लंगर भवन व बटाडगलू पीएचसी जैसे विकास कार्यों को मिली रफ्तार
➤ खेल प्रतियोगिता के समापन पर युवाओं को नशे के विरुद्ध जागरूक रहने का संदेश

पराक्रम चंद, शिमला


 शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने अपने विधानसभा क्षेत्र जुब्बल-कोटखाई के कठासू प्रवास के दौरान कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया और नई योजनाओं की आधारशिला रखी। इन परियोजनाओं से क्षेत्र के लोगों को बुनियादी सुविधाओं के स्तर पर राहत मिलने की उम्मीद है।

सबसे अहम उद्घाटन 2.95 करोड़ रुपये से बनी “खोड़नी नाला योजना” का रहा, जो वर्ष 2016-17 में विधायक प्राथमिकता में शामिल की गई थी और नाबार्ड योजना के तहत स्वीकृत हुई थी। इस योजना से वर्षों से जल संकट झेल रहे कठासू गांव को अब नियमित जलापूर्ति मिलने लगी है। पुरानी स्कीम की तकनीकी खामियों को दूर कर इस बार आधुनिक डिस्ट्रिब्यूशन प्रणाली के साथ नई योजना तैयार की गई है, जो पूरे राज्य के लिए एक मॉडल मानी जा रही है।

पटवार सर्कल बरथाटा-कठासू के अंतर्गत बटाड़गलू में नवनिर्मित पटवारखाना भवन का भी उद्घाटन किया गया, जिसकी लागत 15 लाख रुपये रही। इसका शिलान्यास भी रोहित ठाकुर ने दिसंबर 2023 में किया था और महज 15 महीनों में इसका निर्माण पूरा कर जनता को समर्पित किया गया।

कोहली से धापली तक बनी 15 लाख रुपये की सड़क का भी उद्घाटन हुआ, जिससे स्थानीय आवागमन को बेहतर सुविधा मिलेगी। साथ ही, बटाड़गलू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) के निर्माण कार्य की निरीक्षण रिपोर्ट भी मंत्री ने ली। यह भवन 1.70 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा है।

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 19 करोड़ की बटाड़गलू-सावड़ा और 17 करोड़ की भगोली-बरथाटा सड़कें निर्माणाधीन हैं। शिक्षा मंत्री ने जानकारी दी कि पिछले ढाई वर्षों में 132 सड़कें पास की गई हैं।

क्षेत्र की धार्मिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए लंगर भवन के लिए 5 लाख रुपये की प्रथम किश्त पहले ही जारी की जा चुकी है और आगे की राशि भी जल्द उपलब्ध करवाई जाएगी।

अंत में, शिक्षा मंत्री ने 7वें पूरण चंद मेमोरियल खेलकूद प्रतियोगिता के समापन समारोह में भाग लिया, जिसमें 32 टीमों के 250 खिलाड़ी शामिल हुए। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि खेल युवाओं को नशे से दूर रखने का मजबूत माध्यम है। उन्होंने नवयुवक मंडल कथासू को 50,000 रुपये देने की घोषणा भी की और जनता से नशा विरोधी अभियान में भागीदारी की अपील की।