➤कुल्लू जिले के दीनानाथ को विशिष्ट सेवा पदक सम्मान
➤35 साल की सेवा, NSG व SSB में उत्कृष्ट योगदान
➤सम्मान को राष्ट्र की सेवा को किया समर्पित
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के सपूत और सशस्त्र सीमा बल (SSB) के निरीक्षक दीनानाथ को स्वतंत्रता दिवस पर भारत सरकार द्वारा विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया है। यह पदक उन्हें देश की सेवा में दिए गए उनके अद्वितीय योगदान और अनुकरणीय निष्ठा के लिए प्रदान किया गया।
वर्तमान में दीनानाथ कांगड़ा स्थित सशस्त्र सीमा बल के केंद्रीकृत प्रशिक्षण केंद्र सपड़ी में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। कुल्लू जिले के गांव कोटला में जन्मे दीनानाथ ने सीमित संसाधनों के बावजूद अपनी शिक्षा पूरी की और उसके बाद पैरा मिलिट्री सेवाओं में शामिल होकर अनुशासन और देशभक्ति का परिचय दिया।
करीब 35 वर्षों की सेवा अवधि में दीनानाथ ने देश की विभिन्न सीमाओं पर अपनी ड्यूटी निभाई। साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG) में भी अपनी सेवाएं दीं। उनकी उत्कृष्ट कार्यशैली और निष्ठा को देखते हुए उन्हें पहले ही महानिदेशक एनएसजी डिस्क अवॉर्ड और महानिदेशक एसएसबी डिस्क अवॉर्ड से नवाजा जा चुका है।
सम्मान मिलने के बाद दीनानाथ ने कहा कि यह क्षण उनके लिए बेहद गौरवमय है। उन्होंने कहा, “यह सम्मान मैं अपने राष्ट्र को समर्पित करता हूं। यह हर फौजी के लिए गर्व की बात है कि उसकी सेवाओं को देश मान्यता दे।”



