Follow Us:

कालका-शिमला रेल मार्ग: सलोगड़ा में गिरी पहाड़ी, ट्रेन को समय रहते रोक कर बचाई जानें

-कालका-शिमला रेल मार्ग पर सोलन के पास भूस्खलन
-ट्रेन को समय रहते रोका, बड़ा हादसा टला
-रेलवे कर्मचारी मलबा हटाने में जुटे



मंगलवार को हिमाचल प्रदेश की विश्व धरोहर कालका-शिमला रेललाइन पर एक बार फिर मानसून ने संकट खड़ा कर दिया। दोपहर करीब पौने तीन बजे सोलन के सलोगड़ा के पास अचानक भूस्खलन हुआ, जिससे ट्रैक पर भारी मलबा गिर गया।

रेलवे अधिकारियों को जैसे ही सूचना मिली, तत्काल ट्रैक पर जा रही ट्रेन को भूस्खलन स्थल से कुछ दूरी पर ही रोक दिया गया। रेलवे कर्मचारियों ने युद्धस्तर पर मलबा हटाने का काम शुरू किया। देर शाम तक मलबा हटाने की कोशिशें जारी रहीं।

रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि लगातार बारिश के कारण पूरे ट्रैक पर जगह-जगह छोटे-बड़े ल्हासे गिर रहे हैं। हालांकि ट्रैक पर नजर रखी जा रही है और किसी भी तरह की आपदा को रोकने के लिए टीमों को अलर्ट पर रखा गया है।

स्थानीय यात्रियों ने बताया कि यदि ट्रेन को समय रहते नहीं रोका जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था।मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में और बारिश की चेतावनी दी है। लिहाजा रेल प्रशासन ने ट्रैक की निगरानी और कड़ी कर दी है।

इस घटना ने एक बार फिर बारिश के दौरान कालका-शिमला रेल मार्ग की संवेदनशीलता को उजागर कर दिया है। अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि मौसम सामान्य होने तक अनावश्यक यात्रा से बचें।