Follow Us:

दो साल बाद भी ₹6,266 करोड़ के दो हजार के नोट चलन में, 19 कार्यालयों में अब भी जमा हो सकते हैं नोट

  • दो साल बाद भी ₹6,266 करोड़ के ₹2,000 के नोट चलन में

  • 98.24% नोट वापस, फिर भी नोटबंदी पूरी नहीं

  • RBI के 19 कार्यालयों में अब भी जमा की सुविधा


₹2,000 currency status: दो हजार रुपये के नोट को बंद किए करीब दो साल बीतने के बावजूद ₹6,266 करोड़ मूल्य के नोट अब भी चलन में हैं। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने ताजा आंकड़े जारी करते हुए बताया है कि 19 मई, 2023 को ₹2,000 के नोटों को चलन से हटाने की घोषणा की गई थी, जिसके बाद से इनका प्रचलन सीमित होता चला गया।

बैंक के अनुसार, 19 मई, 2023 को जब यह फैसला लिया गया था, तब कुल ₹3.56 लाख करोड़ मूल्य के दो हजार रुपये के नोट बाजार में मौजूद थे। 30 अप्रैल, 2025 की स्थिति तक, इनमें से 98.24% नोट वापस बैंकों या आरबीआई में जमा कराए जा चुके हैं। लेकिन इसके बावजूद 6,266 करोड़ रुपये मूल्य के नोट अब भी लोगों या संस्थाओं के पास मौजूद हैं और अभी तक इन्हें जमा नहीं कराया गया है।

गौरतलब है कि RBI ने इन नोटों को कानूनी मुद्रा से पूरी तरह बाहर नहीं किया है। यह अभी भी वैध मुद्रा माने जा रहे हैं। हालांकि, इनका उपयोग अब सीमित और असामान्य है। इन्हें RBI के 19 निर्गम कार्यालयों में जमा किया जा सकता है, जहां से यह राशि सीधे संबंधित बैंक खातों में जमा कर दी जाती है।

इसके अलावा, भारतीय डाक के माध्यम से भी लोग अपने ₹2,000 के नोट RBI के कार्यालयों में भेजकर अपने खाते में रकम जमा कर सकते हैं। 7 अक्टूबर, 2023 तक इन नोटों को देश के सभी बैंकों में जमा या बदलवाने की सुविधा थी, लेकिन अब यह सुविधा सिर्फ आरबीआई के जरिए उपलब्ध है।

इस पूरे घटनाक्रम से स्पष्ट है कि सरकार और RBI की नोटबंदी योजना के बावजूद कुछ नोट अब भी बाजार में घूम रहे हैं, और अब इनकी वापसी धीरे-धीरे और जटिल हो चुकी है।