-
गजनोहा स्कूल में बच्चों को पढ़ाते समय मैदान में घुसा तेंदुआ, शिक्षिका ने दिखाई सूझबूझ
-
बच्चों को कमरे में बंद कर सुरक्षित किया, ग्रामीणों की मदद से तेंदुआ भगाया गया
-
वन विभाग को दी गई सूचना, तेंदुए की तलाश और पकड़ के लिए टीम सक्रिय
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के रिवालसर शिक्षा खंड के अंतर्गत राजकीय प्राथमिक पाठशाला गजनोहा में शुक्रवार सुबह उस समय अफरातफरी मच गई जब एक तेंदुआ स्कूल परिसर में प्रवेश कर गया। सुबह करीब 10:30 बजे शिक्षिका विमला शर्मा बच्चों को स्कूल के बरामदे में पढ़ा रही थीं। अचानक उनकी नजर खेल मैदान में घूम रहे तेंदुए पर पड़ी, जिससे वे तुरंत सतर्क हो गईं।
शिक्षिका ने समय गंवाए बिना 13 बच्चों को स्कूल के कमरे में बंद कर सुरक्षित कर दिया और मोबाइल फोन से स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष भीम सिंह को सूचित किया। अध्यक्ष भीम सिंह अन्य ग्रामीणों के साथ तुरंत स्कूल पहुंचे और तेंदुए को डराकर बाहर भगाने में सफलता पाई। इस दौरान बच्चों में डर और तनाव का माहौल था, लेकिन शिक्षिका की समझदारी से कोई नुकसान नहीं हुआ और एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर तेंदुए की उपस्थिति की पुष्टि की है और बताया कि स्कूल के साथ झाड़ियां और जंगल होने के कारण जंगली जानवर परिसर में घुस सकते हैं। टीम ने तेंदुए को पकड़ने और सुरक्षित स्थान पर भेजने का आश्वासन दिया है।
स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष भीम सिंह ने बताया कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है और भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचाव के लिए वन विभाग को पुख्ता कदम उठाने चाहिए। ग्रामीणों ने स्कूल के आसपास की झाड़ियों को साफ करने की मांग भी उठाई है, जिससे जंगली जानवरों की आवाजाही पर रोक लगाई जा सके।



