Follow Us:

हिमाचल में फिर बदलेगा मौसम, 23 से भारी बारिश और ओलावृष्टि के आसार

  • 21 और 22 मई को हल्की बारिश के साथ कुछ क्षेत्रों में आंशिक बादल, तूफान की भी संभावना

  • 23-24 मई को वेस्टर्न डिस्टर्बेंस होगा ज्यादा सक्रिय, आंधी-तूफान व ओलावृष्टि की चेतावनी

  • 25-26 मई को भी बारिश और उच्च क्षेत्रों में हिमपात संभव, तापमान में आई गिरावट से राहत


Himachal Weather: हिमाचल प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार, आज और कल यानी 21 और 22 मई को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, किन्नौर, लाहौल-स्पीति, मंडी और शिमला के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान हल्का तूफान भी चलने की संभावना है।

23 मई से एक सक्रिय वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने 23 और 24 मई के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान चंबा, कांगड़ा और मंडी जिलों में 23 मई, तथा शिमला, सोलन, सिरमौर जिलों में 24 मई को तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है।

इसके बाद भी 25 और 26 मई को मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में वर्षा, और चंबा व लाहौल-स्पीति के ऊपरी इलाकों में हल्का हिमपात संभव है।


बीते 24 घंटे में कहां-कितनी बारिश:

  • निचार – 12.0 मिमी

  • सांगला – 11.4 मिमी

  • कुकुमसैरी – 9.6 मिमी

  • कल्पा – 6.0 मिमी

  • रिकांगपिओं – 3.0 मिमी

  • नयनादेवी – 2.0 मिमी

  • केलांग – 1.5 मिमी

बारिश के चलते मैदानी इलाकों में गर्मी से राहत मिली है। बरठी में तापमान 2.6 डिग्री की गिरावट के साथ 34.8°C, बिलासपुर में 2.1 डिग्री गिरकर 37.5°C, और नेरी में 1.3 डिग्री गिरकर 37.7°C दर्ज किया गया। आगामी दिनों में बारिश का सिलसिला जारी रहने से तापमान सामान्य बना रहेगा।