Follow Us:

जिस अधिकारी या मंत्री के दबाव में ठेके खोले जा रहे हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्यवाही हो: भाजपा

➤ कांग्रेस सरकार गांवों में जबरन शराब ठेके थोप रही, भाजपा का तीखा हमला
➤ चेबड़ी पंचायत ने ठेका खुलने के विरोध में सर्वसम्मति से पारित किया प्रस्ताव
➤ रवि मेहता बोले– शराब माफिया के दबाव में काम कर रही है सरकार



हिमाचल प्रदेश के शिमला ग्रामीण से भाजपा प्रत्याशी रवि मेहता ने प्रदेश सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि कांग्रेस सरकार एक ओर नशा मुक्ति की बात कर रही है, वहीं दूसरी ओर गांव-गांव में जबरन शराब के ठेके थोप रही है। उन्होंने इसे जनविरोधी नीति और दोहरे चरित्र का जीवंत प्रमाण बताया।

उन्होंने कहा कि सुन्नी उपमंडल की चेबड़ी पंचायत ने 10 जुलाई 2025 को ग्राम सभा में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर ठेके के विरोध में स्पष्ट मांग की और जिला पंचायत अधिकारी को लिखित ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन में पंचायत के प्रधान, उपप्रधान और सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों के हस्ताक्षर हैं, जिसमें ठेका खुलने से छेड़छाड़, अपराध, सामाजिक विघटन और असुरक्षा का खतरा बताया गया है।

रवि मेहता ने सवाल उठाया कि जब पंचायतें और महिलाएं खुलकर ठेकों का विरोध कर रही हैं, तो सरकार किस दबाव में जनता की भावनाओं को रौंद रही है? उन्होंने कहा कि क्या अब प्रदेश की जनता की राय शराब माफिया से भी कम अहमियत रखती है?

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार एक्साइज पॉलिसी के तहत राजस्व वृद्धि के नाम पर नशे को बढ़ावा देने वाले निर्णय ले रही है, जबकि दूसरी ओर कागजों पर नशा मुक्ति कार्यक्रमों की तस्वीरें फैलाकर वाहवाही लूट रही है

रवि मेहता ने चेताया कि यदि चेबड़ी पंचायत और अन्य गांवों की आपत्तियों को नजरअंदाज कर जबरन ठेके खोले गए, तो भाजपा जनांदोलन छेड़ेगी और सरकार के असली चेहरे को गांव-गांव जाकर बेनकाब करेगी