Follow Us:

शिमला-चंडीगढ़ फोरलेन पर ट्रैफिक डायवर्ट, सफर से पहले जानें नया रूट, जानें वजह

  • शमलेच में चंडीगढ़-शिमला फोरलेन पर ट्रोला पलटने से बड़ा हादसा, दूसरी लेन में जा घुसा

  • पलटे ट्रोले से टकराया शिमला से चंडीगढ़ जा रहा प्लम से लदा ट्रक, दोनों गाड़ियों के चालक-परिचालक घायल

  • फोरलेन की एक लेन बंद, ट्रैफिक वाया बड़ोग डायवर्ट, फोरलेन बहाली में लगेगा वक्त


Shimla Fourlane Accident : हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला को जोड़ने वाले चंडीगढ़-शिमला फोरलेन पर शुक्रवार सुबह सोलन जिला के शमलेच में बड़ा सड़क हादसा हो गया। चंडीगढ़ से शिमला की ओर जा रहा एक भारी ट्रोला, जो कि सरिए से भरा हुआ था, अचानक संतुलन खो बैठा और पलट गया। पलटने के बाद ट्रोला अपनी लेन से दूसरी ओर की लेन में जा घुसा, जिससे वहां से गुजर रहा प्लम से लदा ट्रक उसकी चपेट में आ गया।

हादसे में दोनों वाहनों के ड्राइवर और कंडक्टर घायल हुए हैं। दोनों वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा है। सबसे ज्यादा नुकसान प्लम से लदे ट्रक को हुआ है, जिसमें भरा लाखों रुपये का माल बर्बाद हो गया

फोरलेन की एक लेन बंद कर दी गई है, जिससे यातायात बाधित हो गया है। ट्रैफिक को सपरून चौक से वाया बड़ोग डायवर्ट कर दिया गया है। फिलहाल चंडीगढ़ से शिमला जाने वाली लेन चालू है, लेकिन शिमला से चंडीगढ़ जाने वाली लेन को पूरी तरह बंद कर दिया गया है।

पुलिस के अनुसार ट्रोला जैसे ही सपरून चौक पर पहुंचा, वह पलट गया। भारी मात्रा में सरिया लदा होने के कारण फोरलेन को बहाल करने में वक्त लग सकता है। सरिए और ट्रकों को हटाने का काम जारी है।

प्रशासन की ओर से मौके पर पुलिस टीम तैनात कर दी गई है और फोरलेन बहाली के प्रयास किए जा रहे हैं। हादसा सुबह के समय हुआ जिससे राहत है कि ज्यादा ट्रैफिक नहीं था, वरना बड़ी दुर्घटना हो सकती थी।