Follow Us:

जून में हिमाचल में लौटी ठंड, मनाली का तापमान 11 डिग्री गिरा, जानें आगे का मौसम

|

  • 21% अधिक हुई बारिश, वेस्टर्न डिस्टरबेंस अब  कमजोर होगा

  • पर्यटन स्थलों पर ठंड लौटी, पर्यटकों को गर्म कपड़ों की जरूरत


हिमाचल प्रदेश में मानसून से पहले का मौसम कूल कूल हो गया है। जून माह में ठंंड का अहसास हो रहा है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अब वेस्‍टर्न डिस्‍टरबेंस कमजोर होगा। मौसम सामान्‍य रहेगा। बीती म रात राजधानी शिमला में करीब 10:15 बजे से आधे घंटे तक भारी बारिश और बिजली की तेज गर्जना हुई। मौसम विभाग ने आज फिर से चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सोलन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है। इन क्षेत्रों में 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।

अन्य जिलों के लिए यलो अलर्ट लागू किया गया है। पिछले एक सप्ताह से प्रदेश में लगातार हो रही बारिश ने पूरे राज्य का तापमान गिरा दिया है। हिमाचल का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 5.3 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया है, जिससे कई क्षेत्रों में शीतलहर जैसा माहौल बन गया है।

पर्यटन स्थल मनाली का अधिकतम तापमान 14.4 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 11.1 डिग्री कम है। भुंतर का तापमान 23.8, केलांग का 13.4, शिमला का 21.6, कांगड़ा का 32.3 और धर्मशाला का 28.0 डिग्री रहा। सभी स्थानों पर तापमान सामान्य से काफी नीचे रहा।

न्यूनतम तापमान में भी भारी गिरावट देखी गई है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों जैसे कुफरी, नारकंडा, केलांग, कल्पा में तापमान 10 डिग्री से नीचे गिर गया है। कल्पा का न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री दर्ज किया गया। इन क्षेत्रों में सर्दी जैसी स्थिति लौट आई है, जिससे पर्यटकों को गर्म कपड़े लेकर आने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 27 मई से 3 जून के बीच 21 प्रतिशत अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है। इस अवधि में सामान्यत: 14 मिमी बारिश होती है, जबकि अब तक 16.9 मिमी बारिश हो चुकी है।

मौसम विभाग ने बताया कि कल से वेस्टर्न डिस्टरबेंस कमजोर पड़ने लगेगा। हालांकि कल कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश की संभावना है, पर परसों से पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने का अनुमान है।