➤ मंडी जिले के बालीचौकी में चार मंजिला मकान धंसकर ढहा
➤ लैंडस्लाइड से मंडी-मनाली हाईवे पर ट्रैफिक जाम, सैकड़ों वाहन फंसे
➤ मौसम विभाग ने कई जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया
हिमाचल प्रदेश में मंडी जिले के बालीचौकी बाजार में बीती रात एक बड़ा हादसा टल गया, जब एक चार मंजिला मकान ताश के पतों की तरह धंसकर ढह गया। जानकारी के अनुसार, लगातार हो रही मानसून की बारिश से इलाके की जमीन धंस गई, जिसकी वजह से मकान की नींव खोखली हो गई थी। सौभाग्य से प्रशासन ने पहले ही एहतियातन मकान को खाली करवा दिया था, जिसके चलते कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। हालांकि, इस धंसान से आसपास के चार और मकानों पर खतरा मंडराने लगा है।
उधर, मंडी-मनाली हाईवे पर लगातार हो रहे लैंडस्लाइड ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। जगह-जगह भूस्खलन के कारण ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रही और रातभर सैकड़ों वाहन सड़क पर फंसे रहे। इनमें बड़ी संख्या में पर्यटक भी शामिल थे, जिन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि प्रदेश के अधिकांश भागों में अगले छह दिन (23 से 28 अगस्त) तक बारिश जारी रहेगी। इस दौरान कई क्षेत्रों में भारी बारिश भी हो सकती है। हालांकि, राहत की बात यह है कि ताजा बुलेटिन में ऑरेंज अलर्ट की जगह यलो अलर्ट जारी किया गया है।
आज यानी 23 अगस्त को ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों में यलो अलर्ट जारी है। 24 अगस्त को मंडी, शिमला और सिरमौर, जबकि 25 अगस्त को सिरमौर जिले में चेतावनी दी गई है। वहीं 26 अगस्त को कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में तेज बारिश की संभावना जताई गई है।
प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है और खासकर लैंडस्लाइड संभावित क्षेत्रों व नदी-नालों के किनारे जाने से बचने की अपील की है।



