Follow Us:

धर्मपुर बस स्टैंड जलमग्न, कई बसें बह गईं, 6 लोग लापता, शिमला में भी नुकसान

मंडी धर्मपुर में 10 फीट पानी से तबाही
6 लोग लापता, बसें और घर डूबे
शिमला में लैंडस्लाइड से सड़कें बंद


हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में सोमवार रात से जारी लगातार बारिश ने कहर बरपा दिया। धर्मपुर बस स्टैंड पर करीब 10 फीट तक पानी भर गया, जिससे आसपास के घरों को भारी नुकसान हुआ। बताया जा रहा है कि 10 से ज्यादा सरकारी बसें और कई निजी गाड़ियां तेज बहाव में बह गईं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ लोग भी पानी में बह गए, लेकिन इसकी अभी तक प्रशासनिक पुष्टि नहीं हुई है।

वहीं, मंडी के ब्रगटा गांव में लैंडस्लाइड से मकान ढह गया। इसमें एक ही परिवार के 5 लोग मलबे में दब गए। इनमें से एक के शव को बरामद कर लिया गया है, जबकि 2 अभी भी लापता है। ग्रामीणों ने 2 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया।

शिमला के हिमलैंड, बीसीएस स्कूल और पांजली में भी लैंडस्लाइड में 15 से ज्यादा गाड़ियां मलबे में दब गईं। हिमलैंड में लैंडस्लाइड से शिमला की लाइफ लाइन कहे जाने वाला सर्कुलर रोड भी बंद हो गया।

मौसम विज्ञान केंद्र, शिमला ने आज 6 जिलों बिलासपुर, कांगड़ा, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। कल से अगले 3 दिन बारिश की कम संभावनाएं हैं, लेकिन अभी मानसून के जाने के संकेत नहीं दिख रहे हैं।

धर्मपुर बस स्टैंड में रात में भारी बारिश के बाद आई बाढ़ से क्षतिग्रस्त दुकानें।

स्थानीय भाजपा नेता रजत ठाकुर ने दावा किया कि करीब 6 लोग लापता बताए जा रहे हैं। बारिश इतनी तेज रही कि सोन खड्ड (नाला) का पानी ओवरफ्लो होकर शहर में घुस गया, जिसके कारण कई घरों की पहली मंजिल तक डूब गई। मंगलवार सुबह पानी का स्तर कुछ कम हुआ, लेकिन तबाही का मंजर साफ दिख रहा है।

धर्मपुर बस स्टैंड में भारी बारिश के बाद फैला मलबा।

उधर, शिमला के हिमलैंड क्षेत्र के पास भारी लैंडस्लाइड हुआ, जिसमें कई गाड़ियां मलबे के नीचे दब गईं। इस हादसे से सर्कुलर रोड, जिसे शिमला की लाइफलाइन कहा जाता है, बंद हो गया है। लोगों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हुई है।

शिमला में लैंडस्लाइड के बाद दबी गाड़ी।

इस बीच, मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने बिलासपुर, कांगड़ा, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि बुधवार से अगले तीन दिनों तक बारिश की तीव्रता कम होने की संभावना जताई गई है, लेकिन मौसम विभाग का कहना है कि अभी मानसून के जाने के कोई संकेत नहीं हैं।