➤ मंडी के झिंडी में भारी लैंडस्लाइड से चंडीगढ़-मनाली फोरलेन बंद
➤ धर्मपुर में बहाली कार्य के दौरान पहाड़ गिरा, JCB ऑपरेटरों ने बचाई जान
➤ शिमला के शिलारू-नारकंडा में भारी बारिश, कई जिलों में अलर्ट जारी
हिमाचल प्रदेश में रक्षा बंधन के दिन भी कई जिलों में भारी बारिश के आसार हैं। आने वाले सप्ताह में मौसम खराब ही बना रहेगा। उधर, हिमाचल में बारिश का कहर जारी है। सबसे अधिक मंडी और कुल्लू जिला प्रभावित हैं। पिछले कल जिले के झिंडी में चंडीगढ़-मनाली फोरलेन पर भारी लैंडस्लाइड हुआ, जिससे फोरलेन वाहनों के लिए बंद हो गया।

पहाड़ी से बड़ी-बड़ी चट्टानें सड़क पर गिर गईं, जबकि हणोगी टनल में पानी भरने से गाड़ियां पानी में तैरने लगीं। फोरलेन पर जगह-जगह मलबा आने के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। NHAI की मशीनरी बहाली में जुटी है, मगर बार-बार हो रहे लैंडस्लाइड से कार्य में बाधा आ रही है।

मंडी जिले में ही धर्मपुर-बनवारकलां-मढ़ी सड़क पर भी दोपहर को पहाड़ गिरने की घटना हुई। यह सड़क पिछले दो दिन से बंद थी और आज बहाली कार्य चल रहा था। पहाड़ गिरने का आभास होते ही मौके पर मौजूद JCB ऑपरेटर समय रहते वहां से भाग निकले और अपनी जान बचाई।
उधर, शिमला जिले के शिलारू और नारकंडा में दोपहर बाद भारी बारिश हुई, जिससे शिलारू मंडी के पीछे पहाड़ी से भारी मात्रा में पानी आ गया। नारकंडा व आसपास के इलाकों में बारिश से सड़कों, रास्तों और बगीचों को नुकसान पहुंचा।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने रात 10 बजे तक बिलासपुर, चंबा, हमीरपुर, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सिरमौर और सोलन जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। अगले पांच दिन बारिश जारी रहने की संभावना है। 10 अगस्त को ऊना, कांगड़ा, मंडी और सोलन में भारी बारिश का रेड अलर्ट और 11 अगस्त को ऊना, बिलासपुर, कांगड़ा, कुल्लू व मंडी में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान लैंडस्लाइड, जलभराव और बाढ़ के हालात बन सकते हैं।



