Follow Us:

मंडी-पठानकोट हाईवे पर पहाड़ी दरकी, घंटों तक जाम में फंसे सैकड़ों यात्री

➤मंडी-पठानकोट रोड पर 4 घंटे लंबा जाम
➤रातभर भूखे-प्यासे फंसे रहे यात्री और बच्चे
➤एनएचएआई की देरी से बढ़ा यात्रियों का गुस्सा


Mandi Pathankot Highway Landslide Jam: हिमाचल प्रदेश की मंडी-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुम्मा के शनि मंदिर के पास शुक्रवार तड़के एक बड़ी घटना ने यात्रियों की रात की नींद उड़ा दी।
करीब सुबह 3:30 बजे अचानक पहाड़ी दरकने से पूरी सड़क मलबे से बंद हो गई, जिससे सैकड़ों वाहन दोनों ओर फंस गए।

हालत यह रही कि कई लोग रातभर गाड़ियों में भूखे-प्यासे बैठे रहे। छोटे बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ी। गाड़ियों में ईंधन खत्म होने से मोबाइल चार्जिंग और हीटर जैसी सुविधाएं भी ठप हो गईं। कई यात्रियों ने बताया कि रातभर मदद की कोई ठोस व्यवस्था नहीं हो पाई।

एनएचएआई पर लापरवाही के आरोप लगे हैं। सुबह 7:30 बजे तक कोई मशीन मलबा हटाने के लिए नहीं पहुंची थी, जिससे लोगों का गुस्सा बढ़ता गया। कई यात्रियों ने फोन पर प्रशासन से मदद की गुहार लगाई।

स्थानीय प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही मार्ग को बहाल कर दिया जाएगा। मौके पर जेसीबी और अन्य मशीनें भेजी गई हैं। इस हादसे ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में पहले से सुरक्षा इंतजाम क्यों नहीं किए गए।

एनएचएआई के अधिकारियों का कहना है कि इलाके में लगातार हो रही बारिश से पहाड़ कमजोर हो गए हैं, इसलिए अचानक इतनी बड़ी मात्रा में मलबा सड़क पर गिरा। देर से मशीन पहुंचने की बात पर उन्होंने संसाधनों की कमी का हवाला दिया।

फिलहाल सड़क बहाल करने का काम युद्ध स्तर पर जारी है और प्रशासन ने लोगों से धैर्य रखने की अपील की है।