Follow Us:

मणिमहेश यात्रा में पंजाब के 3 श्रद्धालुओं की मौत, यात्रा पर अस्‍थाई रोक


ऑक्सीजन की कमी और खराब मौसम बनी वजह
भारी बारिश से यात्रा पर अस्थाई रोक, हाईवे बंद


हिमाचल प्रदेश की मणिमहेश यात्रा के दौरान  बीती रात और आज सुबह पंजाब के तीन युवाओं की मौत हो गई। इनमें से दो युवकों की पहचान पठानकोट के अमन (18) और रोहित (18) के रूप में हुई है, जबकि तीसरा मृतक गुरदासपुर का अनमोल (26) बताया जा रहा है। उधर, प्रशासन के अनुसार 24 घंटों से लगातार हो रही बारिश के कारण मणिमहेश यात्रा पर अस्थाई रोक लगा दी गई है। श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर रुकने के निर्देश दिए गए हैं। हिमाचल में बीते 24 घंटे से भारी बारिश हो रही है।

वहीं भारी बारिश से पठानकोट-भरमौर नेशनल हाईवे जगह जगह लैंडस्लाइड के कारण बंद पड़ा है। इससे वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई है। इससे कई जगह मणिमहेश यात्री फंसे हुए हैं।

जानकारी के अनुसार, अमन को बीती रात कमल कुंड से रेस्क्यू किया गया था लेकिन उसकी गौरीकुंड में मौत हो गई। वहीं रोहित की जान कुगती ट्रैक पर ऑक्सीजन की कमी से गई। तीसरे श्रद्धालु अनमोल ने आज सुबह लगभग 10 बजे धंचो में दम तोड़ दिया। सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भरमौर अस्पताल लाया गया है।

स्थानीय प्रशासन और एनडीआरएफ टीम ने तुरंत राहत-बचाव अभियान शुरू किया। SDM भरमौर कुलबीर सिंह राणा ने पुष्टि की कि पिछले 24 घंटे में 3 श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है और सभी पंजाब के रहने वाले हैं।

इस दुखद घटना के बाद प्रशासन ने मणिमहेश यात्रा पर अस्थाई रोक लगा दी है। लगातार हो रही भारी बारिश से स्थिति और बिगड़ गई है। पठानकोट-भरमौर नेशनल हाईवे जगह-जगह भूस्खलन के कारण बंद पड़ा है। इस वजह से कई श्रद्धालु बीच रास्ते में फंसे हुए हैं।

गौरतलब है कि इस बार की मणिमहेश यात्रा 16 अगस्त से शुरू हुई और 31 अगस्त तक चलेगी। लेकिन अब तक 14 श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है, जिनमें से कुछ की मौत ऑक्सीजन की कमी से हुई जबकि कुछ ने पत्थर लगने और गिरने के चलते जान गंवाई।

यह घटना न केवल श्रद्धालुओं के लिए बल्कि प्रशासन के लिए भी बड़ी चुनौती बनकर सामने आई है। आने वाले दिनों में यात्रा फिर शुरू होगी या नहीं, यह मौसम और सुरक्षा स्थिति पर निर्भर करेगा।