Follow Us:

साउथ एशियन गेम्स: हिमाचल के खिलाड़‍ियों का जलवा, दो गोल्ड एक सिल्वर

रांची में साउथ एशियन गेम्स में हिमाचल के तीन पदक
संदीप सिंह और मनीषा को स्वर्ण, सीमा ने जीता रजत
साधारण परिवारों से निकले एथलीटों ने चमकाया प्रदेश का नाम


रांची में आयोजित साउथ एशियन एथलेटिक्स गेम्स में हिमाचल प्रदेश के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर तीन पदक अपने नाम किए हैं। सोलन जिले के नालागढ़ के ढांग उपरली गांव के संदीप सिंह ने 200 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीतकर भारत का नाम अंतरराष्ट्रीय मंच पर चमका दिया। संदीप वर्तमान में 22 पंजाब रेजिमेंट में हवलदार के पद पर जम्मू में तैनात हैं। उन्होंने 21.23 सेकंड में दौड़ पूरी कर यह उपलब्धि हासिल की। संदीप ने कहा कि वह पढ़ाई में सामान्य थे, इसलिए खेल को ही लक्ष्य बनाकर आगे बढ़ते रहे और अब उनका सपना कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व करना है।

इसके साथ ही हमीरपुर जिले के उदयपुर गांव से संबंध रखने वाली ट्रक ड्राइवर की बेटी मनीषा कुमारी ने 400×4 मीटर रिले दौड़ में स्वर्ण पदक जीतकर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाया। मनीषा की इस सफलता पर जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के अध्यक्ष पंकज भारतीय ने उन्हें बधाई दी है। मनीषा के पिता रमेश चंद ट्रक ड्राइवर हैं और माता शीला देवी गृहिणी हैं।

उधर, चंबा जिला की ग्राम पंचायत झुलाड़ा के गांव रेटा की सीमा ने 5000 मीटर दौड़ में रजत पदक जीतकर भारत को तीसरा पदक दिलाया। सीमा पहले भी राष्ट्रीय स्तर पर कई पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दे चुकी हैं। उनका यह प्रदर्शन युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और दर्शाता है कि कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगन से हर लक्ष्य संभव है।

हिमाचल के इन होनहार एथलीटों ने साबित कर दिया कि खेल के क्षेत्र में भी प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का नाम नई ऊंचाइयों पर पहुंचा रहा है।