➤ शहीद आशीष की बहन की शादी में अरुणाचल से पहुंचे सेना के जवान
➤ भाई की जगह निभाई रस्में, चुनरी के नीचे स्टेज तक लाए दुल्हन
➤ शादी में दिया 3 लाख रुपए का शगुन, भावुक हुआ पूरा गांव
नाहन/सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के आंज-भोज गांव में बीते गुरुवार को हुई एक शादी पूरे क्षेत्र के लिए भावुक याद बन गई। यह शादी थी शहीद आशीष कुमार की बहन आराधना की। शादी में भाई की कमी पूरी करने पहुंचे वही साथी, जिनके साथ आशीष ने सेना की वर्दी पहनकर देश की रक्षा की थी।
आशीष 19 ग्रेनेडियर बटालियन में तैनात थे और बीते वर्ष 27 अगस्त को अरुणाचल प्रदेश में ‘ऑपरेशन अलर्ट’ के दौरान अपने कर्तव्य निभाते हुए शहीद हो गए थे। उनकी बहन की शादी में उनका न होना पूरे परिवार और गांव के लिए भारी था, लेकिन उनकी रेजिमेंट के जवान अरुणाचल प्रदेश से विशेष तौर पर सिरमौर पहुंचे और भाई की कमी महसूस नहीं होने दी।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह वर्दीधारी जवान दुल्हन आराधना को चुनरी के नीचे लेकर वरमाला के लिए स्टेज तक लाए। इस दौरान मौजूद सभी रिश्तेदार और परिजन भावुक हो उठे। शादी के माहौल में एक ओर जहां खुशी थी वहीं शहीद की यादें भी सभी की आंखों को नम कर रही थीं।

जवानों ने भाई की तरह बहन को आशीर्वाद देते हुए 3 लाख रुपए की एफडी शगुन स्वरूप दी। इतना ही नहीं, उन्होंने शादी का उपहार भी सौंपा। यह कदम पूरे समारोह का सबसे भावुक और गर्व से भरा पल बन गया।
इस मौके पर भूतपूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष सूबेदार मेजर करनैल सिंह, उपाध्यक्ष हरिंदर सिंह, सचिव ओमप्रकाश चौहान, पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह, सलाहकार हाकम सिंह, सुरेश कुमार देवा सहित कई पूर्व सैनिक भी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर शहीद के परिवार को विश्वास दिलाया कि वे हमेशा इस परिवार के साथ खड़े रहेंगे।
गांव में इस शादी की चर्चा हर किसी की जुबान पर है। लोग कह रहे हैं कि आशीष भले ही इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन उनकी रेजिमेंट के जवानों ने यह साबित कर दिया कि फौज का रिश्ता सिर्फ यूनिफॉर्म तक सीमित नहीं रहता, बल्कि जीवनभर निभाया जाता है।



