-
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बेहड़-भटेड़ में गिरे संदिग्ध उपकरण स्थल का दौरा किया।
-
सुरक्षा को लेकर प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए और जनता से अफवाहों से बचने की अपील की।
-
शहीद सूबेदार मेजर पवन कुमार की शहादत पर शोक व्यक्त किया।
Mukesh Agnihotri: उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शनिवार को चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र की बेहड़-भटेड़ पंचायत का दौरा किया और बीती रात गिरे संदिग्ध धातु उपकरण के घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर स्थानीय नागरिकों से बातचीत कर पूरी स्थिति की जानकारी ली और उपस्थित प्रशासनिक अधिकारियों को सुरक्षा के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
इस अवसर पर चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन बबलू, उपायुक्त जतिन लाल, पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि संदिग्ध वस्तु की जांच के लिए विशेषज्ञों की टीम तैनात की गई है और सुरक्षा को लेकर सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी अनजान वस्तु को न छुएं और तत्काल प्रशासन को सूचित करें, साथ ही अफवाहों से बचने की भी सलाह दी।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय सेना पूरी तरह से सक्षम है और आतंकी मंसूबों को विफल करने में सक्रिय है। उन्होंने कहा कि देश आतंकिस्तान को उसकी भाषा में मुंहतोड़ जवाब दे रहा है और पूरा देश सेना के साथ एकजुट होकर खड़ा है।
गौरतलब है कि बीती रात लगभग 1:30 बजे बेहड़-भटेड़ पंचायत के एक निर्जन क्षेत्र में एक निष्क्रिय धातु उपकरणनुमा टुकड़ा गिरने की सूचना प्राप्त हुई थी। स्थानीय लोगों ने तुरंत प्रशासन को सूचित किया और त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच शुरू कर दी गई।
शहीद पवन कुमार को दी श्रद्धांजलि: उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शाहपुर के वीर सैनिक सूबेदार मेजर पवन कुमार की शहादत पर गहरा शोक व्यक्त किया है। सूबेदार मेजर पवन कुमार 25 पंजाब रेजीमेंट में तैनात थे और सीमावर्ती राजौरी क्षेत्र में पाकिस्तान द्वारा की गई भारी गोलीबारी में वीरगति को प्राप्त हुए। उनका संबंध एक सैन्य परिवार से है; उनके पिता गरज सिंह भी सेना में हवलदार पद से सेवानिवृत्त हैं।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्र ऐसे वीर सपूतों के बलिदान को कभी नहीं भुला सकता। यह बलिदान देश की सुरक्षा और अखंडता के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।