-
हमीरपुर के टौणी देवी में बहुउद्देशीय भवन निर्माण पांच साल से रुका पड़ा
-
पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने रखा था शिलान्यास, लेकिन बजट की कमी से काम ठप
-
स्थानीय लोग और पंचायत सरकार से बजट जारी करने की मांग कर रहे
Hamirpur Multipurpose Building: हमीरपुर जिले के टौणी देवी ब्लॉक की ग्राम पंचायत बारी में प्रस्तावित बहुउद्देशीय बहुमंजिला भवन का निर्माण पांच वर्षों से अधूरा पड़ा है। पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने इस भवन की आधारशिला रखी थी, लेकिन प्रदेश सरकार द्वारा बजट आवंटित न किए जाने से निर्माण कार्य ठप हो गया। इस कारण स्थानीय लोगों को इससे मिलने वाली सुविधाओं से अब तक वंचित रहना पड़ रहा है।
ग्राम पंचायत प्रधान रविंद्र ठाकुर ने बताया कि पंचायत ने विभिन्न फंडों से भवन की नींव और डंगे लगाने के लिए करीब 20 लाख रुपये खर्च किए थे, लेकिन इसके पूर्ण निर्माण के लिए लगभग 3 करोड़ रुपये की जरूरत थी। प्रस्ताव बनने के बावजूद बजट नहीं मिला, जिससे काम आगे नहीं बढ़ सका। स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस भवन से आसपास की पांच से छह पंचायतों के हजारों लोगों को लाभ मिलेगा, इसलिए सरकार को शीघ्र बजट जारी करना चाहिए।
गौरतलब है कि इस बहुउद्देशीय बहुमंजिला भवन के लिए पांच कनाल भूमि स्वीकृत की गई है। प्रस्ताव के अनुसार, इसमें एक बड़ा हॉल, पार्किंग सुविधा, पार्टी हॉल और किराये पर दी जाने वाली दुकानें बनाई जानी थीं। स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए इस निर्माण कार्य को जल्द पूरा करवाया जाए।



