Follow Us:

नाहन में आस्था का सैलाब, निकली भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा

➤ नाहन में भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा निकाली गई
➤ हजारों श्रद्धालु रथ यात्रा में हुए शामिल
➤ सांसद, विधायक और प्रदेश अध्यक्ष ने जताई आस्था

देवेंद्र वर्मा, सिरमौर



ऐतिहासिक शहर नाहन में आज भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु रथ यात्रा में शामिल हुए और भगवान जगन्नाथ के जयकारों से पूरा शहर गूंज उठा। खराब मौसम के बावजूद लोगों की आस्था में कोई कमी नहीं आई और बड़ी संख्या में श्रद्धालु रथ यात्रा में जुटे रहे।

रथ यात्रा में शिमला संसदीय क्षेत्र के सांसद सुरेश कश्यप, कांग्रेस विधायक अजय सोलंकी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल भी शामिल हुए। रथ यात्रा के दौरान भगवान जगन्नाथ के रथ को खींचने की श्रद्धालुओं में होड़ लगी रही। मान्यता है कि रथ के रस्से को खींचने से व्यक्ति पाप मुक्त हो जाता है और उसे विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है।

सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि पिछले 17 वर्षों से नाहन में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा लगातार निकाली जा रही है। उन्होंने भव्य आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई दी और कहा कि हिमाचल ही नहीं बल्कि अन्य राज्यों से भी श्रद्धालु यहां पहुंचकर अपनी आस्था प्रकट कर रहे हैं। विधायक अजय सोलंकी ने भी श्रद्धालुओं को बधाई दी और कहा कि नाहन की रथ यात्रा अब एक परंपरा के रूप में स्थापित हो चुकी है।

जगन्नाथ रथ यात्रा मंडल नाहन के अध्यक्ष प्रकाश बंसल ने बताया कि पिछले 17 सालों में रथ यात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक शहर नाहन में भगवान जगन्नाथ दूसरी सिद्ध पीठ के रूप में विराजमान हैं और यहां लोगों की गहरी आस्था है।

इस अवसर पर पूरा शहर भक्ति और उल्लास से सराबोर हो गया और हजारों श्रद्धालुओं ने रथ के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।