-
धर्मशाला में टूर्नामेंट खेलने जा रहे नेशनल कबड्डी प्लेयर रितिक की हिमाचल में सड़क हादसे में मौत
-
नंगल डैम के पास कार दो ट्रकों के बीच में फंस गई, पुलिस और लोगों ने मिलकर घायलों को बाहर निकाला
-
रितिक अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था, जुड़वां बहन और परिवार गहरे सदमे में
National Kabaddi Team: हरियाणा के कुरुक्षेत्र के रहने वाले 23 वर्षीय नेशनल कबड्डी खिलाड़ी रितिक की हिमाचल प्रदेश में दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब रितिक और उनके 5 साथी खिलाड़ी धर्मशाला में कबड्डी टूर्नामेंट खेलने जा रहे थे। उनकी कार नंगल डैम के पास दो ट्रकों के बीच में फंस गई।
पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी को बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने रितिक को मृत घोषित कर दिया। हादसे में रितिक के साथी यश की हालत गंभीर बताई गई है और उसे PGI चंडीगढ़ रेफर किया गया है।
रितिक कुरुक्षेत्र के ज्योतिसर गांव में रहते थे। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा थे। उनकी एक जुड़वां बहन भी है। मूल रूप से परिवार पानीपत के अहर गांव का निवासी है। रितिक के पिता गांव में मेडिकल स्टोर चलाते हैं।
रितिक पिछले 8 सालों से कबड्डी खेल रहे थे। वे एक लेफ्ट रेडर थे और उन्होंने कई राज्य और राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लिया था। हाल ही में उन्होंने कोच के लिए रजिस्ट्रेशन भी करवाया था। रितिक तीन बार रग्बी टूर्नामेंट, ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी, पांच लीग, दो बार सीएम कप, और चार बार स्टेट लेवल मुकाबलों में भी शामिल हो चुके थे।
हादसे की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। रविवार को रितिक का कुरुक्षेत्र में अंतिम संस्कार कर दिया गया। शोकाकुल माहौल में सैकड़ों लोग इस युवा खिलाड़ी को अंतिम विदाई देने पहुंचे। परिवार को बेटे की उपलब्धियों पर गर्व है, लेकिन मौत की त्रासदी ने पूरे गांव को झकझोर दिया है।



